30/07/2026
*एसीबी ने खूंटी में 50 हजार रिश्वत लेते महिला थाना प्रभारी को किया गिरफ्तार*
रांची: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) सह महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. उन्हें महिला थाने में ही 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है. एसीबी ने आरोपी पदाधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. एसीबी के अनुसार, खूंटी के हुरलुंग निवासी श्याम कुमार ने ब्यूरो से शिकायत की थी कि उनके खिलाफ अहर्ता थाना कांड संख्या-06/2025 दर्ज है. इस मामले की जांच के दौरान महिला थाना प्रभारी सपना सुलेखा ने केस में राहत दिलाने और जांच में सहयोग करने के बदले रिश्वत की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए.
*साढ़े चार लाख रुपये की हुई थी मांग*
परिवादी के अनुसार, थाना प्रभारी ने मामले में राहत देने के एवज में 4 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी. शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी, जिसके बाद ब्यूरो ने पूरी योजना के साथ ट्रैप की तैयारी शुरू की. शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने रांची थाना कांड संख्या-15/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 दर्ज किया. इसके बाद विशेष ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की गई. गुरुवार को पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रिश्वत की पहली किस्त लेकर पहुंचा. जैसे ही थाना प्रभारी ने 50 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.