11/09/2026
बिहार में अक्टूबर तक 2.5 लाख BPL परिवारों की छत पर लगेंगे सोलर पैनल, खेतों तक भी जाएगी बिजली
पटना। ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने गुरुवार को कहा कि अक्टूबर तक प्रदेश के ढाई लाख बीपीएल परिवारों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगा दिया जाएगा। प्रदेश के 2569 कृषि फीडरों के सोलराइजेश पर सरकार को जोर है। दिल्ली में आयोजित 19 वें पर्यावरण एवं ऊर्जा सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही।
ऊर्जा मंत्री ने सम्मेलन में बिहार के विद्युत क्षेत्र में हुए व्यापक बदलाव तथा ऊर्जा सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बिहार की विद्युत क्षेत्र की यात्रा यह दर्शाती है कि निरंतर निवेश, मजबूत इच्छाशक्ति और प्रभावी नीतियों के माध्यम से व्यापक बदलाव संभव है। कभी बुनियादी विद्युत पहुंच की चुनौतियों से जूझने वाले बिहार ने आज हर घर और हर खेत तक बिजली पहुंचाने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित कर ली है।उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा हमारे लिए केवल तकनीकी लक्ष्य नहीं, बल्कि बिहार की विकास यात्रा की मजबूत नींव है। हम निवेशकों और उद्योग जगत के भागीदारों को बिहार की विकास यात्रा में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित करते हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा विद्युत उत्पादन, पारेषण एवं वितरण क्षेत्र में व्यापक निवेश किया गया है। राज्य में विद्युत ग्रिड, उपकेंद्रों एवं पारेषण लाइनों के विस्तार के साथ विद्युत आधारभूत संरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।