09/02/2026
कांग्रेस का ‘नेशनल टैलेंट हंट’ शुरू — बिहार की आवाज़ को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के मीडिया विभाग ने राज्य स्तर पर “नेशनल टैलेंट हंट – बिहार की आवाज़” कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस पहल के तहत सारण/छपरा सहित पूरे बिहार के युवा अपनी प्रतिभा दिखाकर कांग्रेस से सीधे जुड़ सकते हैं।
प्रदेश के नेता नदीम अख्तर ने बताया कि बिहार लोकतांत्रिक मूल्यों की धरती है, जहां से जनआवाज़ को मजबूती देने की परंपरा रही है। इसी सोच के साथ यह टैलेंट हंट शुरू किया गया है, ताकि ज़मीनी स्तर से सक्षम, जागरूक और प्रतिबद्ध प्रतिभाओं को आगे लाया जा सके।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी तीन प्रमुख क्षेत्रों में प्रतिभाओं का चयन करेगी—
🔹 मीडिया प्रवक्ता/पैनलिस्ट: जो टीवी, डिजिटल व सार्वजनिक मंचों पर प्रभावी ढंग से पार्टी का पक्ष रखें।
🔹 रिसर्च कोऑर्डिनेटर: जो तथ्य और शोध आधारित सामग्री से पार्टी की नीतियों को मज़बूत करें।
🔹 पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर: जो सोशल मीडिया, स्थानीय मीडिया और ज़मीनी नेटवर्क के माध्यम से पार्टी की आवाज़ जन-जन तक पहुँचाएँ।
यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, समावेशी और योग्यता आधारित है, जिसमें समाज के सभी वर्गों को समान अवसर मिलेगा। उद्देश्य है भविष्य के संप्रेषकों, शोधकर्ताओं और जनसंपर्क नेतृत्व को तैयार करना।
इस कार्यक्रम के लिए बिहार के प्रभारी राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे, बिहार कोऑर्डिनेटर असित नाथ तिवारी तथा सारण प्रमंडल संयोजक डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।