21/07/2026
साइबर मंगलवार पर जिला स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, एसएसपी ने बताए साइबर सुरक्षा के उपाय
छपरा। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मंगलवार को जिला स्कूल छपरा में "साइबर मंगलवार" के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसएसपी सारण विनीत कुमार, डीएसपी क्राइम ब्रांच दया शंकर प्रसाद, निरीक्षक विशाल आनंद व उनकी टीम ने छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
एसएसपी ने कहा कि साइबर ठगी, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, गेमिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक और डिजिटल धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत संबंधित थाना या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने नाम पर किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल सिम या डिजिटल डिवाइस उपलब्ध नहीं कराने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, विधि का पालन करने वाले युवाओं की भूमिका, सहमति की आयु तथा मानव तस्करी से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने बताया कि जिले में अब तक एक हजार से अधिक साइबर मामलों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिससे इस अपराध के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता और बढ़ जाती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मनीष कुमार ने एसएसपी को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं स्काउट से जुड़े छात्र सिमु कुमार, विशाल कुमार, अंगद कुमार, पंकज कुमार, इरफान राजा, प्रिंस कुमार, साहिल कुमार, ऋषभ कुमार, कृष्ण कुमार, राहुल कुमार, रवि तथा राजीव को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।