29/08/2026
#बेनीपुर
24 सितंबर के LNMU चलो आंदोलन को लेकर बेनीपुर में छात्र संगठन का जनसंपर्क अभियान
बेनीपुर। मिथिला स्टूडेंट यूनियन की ओर से 24 सितंबर को प्रस्तावित LNMU चलो विशाल छात्र आंदोलन को लेकर बेनीपुर शहर के विभिन्न निजी कोचिंग संस्थानों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्रों के बीच पंपलेट वितरित कर आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
छात्रों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय अध्यक्ष गौतम झा ने कहा कि छात्र संघ चुनाव अविलंब कराने, एलएनएमयू को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने, समय पर परीक्षा एवं परिणाम जारी करने तथा नियमित कक्षा संचालन सहित छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर 24 सितंबर को ऐतिहासिक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक विश्वविद्यालय घेराव अनिश्चितकालीन जारी रहेगा।
नगर अध्यक्ष नीतीश वत्स ने लॉ में सीट बढ़ाने, डिस्टेंस एजुकेशन शुरू करने, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों का मिथिलाक्षर में नामकरण करने तथा बंद छात्रावासों को पुनः संचालित करने की मांग उठाई।
डिग्री कॉलेज अध्यक्ष शुभम झा ने ई-लाइब्रेरी, डिजिटल क्लास, वर्चुअल क्लासरूम, वाई-फाई एवं स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती तथा पीजी में प्रवेश परीक्षा एवं विषय परिवर्तन का अवसर देने की मांग की।
छात्र नेता प्रशांत मिश्र ने सरकारी एवं मान्यता प्राप्त कॉलेजों में छात्र-छात्राओं का शुल्क एक समान करने की मांग रखते हुए छात्रों से 24 सितंबर के आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। अभियान में राहुल झा, सुदीप ठाकुर, विक्की मिश्र, मयंक झा एवं दिलीप पासवान सहित कई छात्र नेता मौजूद रहे।