HIND TV 24

HIND TV 24 A Leading Web News Channel

डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजितब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24दरभंगा–जिलाधिकारी श्री कौशल कुम...
07/09/2026

डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, विभागीय कार्यों की प्रगति, जन शिकायतों, न्यायालय संबंधी मामलों तथा विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल द्वारा सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी, मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, लोक शिकायत निवारण, सीपीग्राम, ई-कंप्लायंस डैशबोर्ड, राजस्व जन शिकायत सहित विभिन्न मामलों की विभागवार प्रगति की समीक्षा से की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर कार्यक्रम से संबंधित तैयारियों एवं सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की विभागवार स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अपर समाहर्ता राजस्व को विशेष रूप से राजस्व विभाग से संबंधित लंबित आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभाग से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें।बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतवार आधारभूत संरचनाओं की आवश्यकता का आकलन करने के संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य उप केन्द्रों सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं अत्यावश्यक परिसम्पत्तियों की स्थिति एवं आवश्यकता की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन आधारभूत संरचनाओं में मरम्मत, सुदृढ़ीकरण अथवा उन्नयन की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाए। वहीं, जहां नवनिर्माण की आवश्यकता है,वहां नियमानुसार प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने विद्यालयों को सुदृढ़/नवनिर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्रों को सुदृढ़/उन्नयन/नवनिर्माण, सामुदायिक भवनों को सुदृढ़/उन्नयन तथा स्वास्थ्य उप केन्द्रों को सुदृढ़/उन्नयन/नवनिर्माण से संबंधित योजनाओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य अत्यावश्यक एवं महत्वपूर्ण आवश्यकताओं से जुड़ी योजनाओं को भी ग्राम पंचायतवार चिह्नित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नवनिर्माण से संबंधित किसी भी योजना को चिह्नित करने से पूर्व संबंधित योजना के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने कहा कि भूमि की उपलब्धता एवं उपयुक्तता का सत्यापन किए बिना नवनिर्माण संबंधी प्रस्ताव तैयार नहीं किए जाएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतवार योजनाओं के चिह्नीकरण से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं एवं विवरण विहित प्रपत्र में तैयार कर अगले दो दिनों के अंदर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में पंचायत परिसीमन कार्य की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को पंचायत परिसीमन से संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित समय-सीमा के अनुसार 10 सितंबर तक कार्य पूर्ण किया जा सके।जिलाधिकारी ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके विभाग से संबंधित कोई नकारात्मक समाचार प्रसारित होता है और उसमें तथ्यात्मक त्रुटि अथवा भ्रामक जानकारी हो, तो उसका तथ्यात्मक खंडन ससमय जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें,ताकि आवश्यकतानुसार वस्तुस्थिति से आम लोगों को अवगत कराया जा सके। बैठक में जिलाधिकारी ने प्राथमिक सहकारी समितियों के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों से सब्जियों की खरीद कर बाजार में बिक्री किए जाने की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सब्जी विक्रय केन्द्र स्थापित किए जाने हैं। उन्होंने संबंधित अंचलाधिकारी को सब्जी विक्रय केन्द्र की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने नीलाम पत्रवाद के लंबित मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिला एवं प्रखंड स्तर पर कार्यरत सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को लंबित नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।उन्होंने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को 50-50 वादों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जानी है, इसलिए अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशिष अमन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
वहीं, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

डीएमसीएच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आईसीयू एवं न्यूरो सर्जरी ओटी का शुभारंभब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24दरभंगा–आयुक्त, ...
07/09/2026

डीएमसीएच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आईसीयू एवं न्यूरो सर्जरी ओटी का शुभारंभ

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा-सह-अध्यक्ष, रोगी कल्याण समिति (शासी निकाय), दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल श्री हिमांशु कुमार राय एवं जिला पदाधिकारी, दरभंगा सह उपाध्यक्ष, रोगी कल्याण समिति (शासी निकाय), दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल श्री कौशल कुमार द्वारा आज दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पाँचवें तल पर तैयार आई.सी.यू. एवं न्यूरो सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर (ओ.टी.) में फीता काटकर कार्य का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। गौरतलब है कि सड़क दुर्घटनाओं के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज हेड इंजुरी (सिर में गंभीर चोट) से पीड़ित होकर डीएमसीएच पहुंचते हैं। न्यूरो सर्जरी एवं अत्याधुनिक आई.सी.यू. की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए कई बार दरभंगा से बाहर रेफर करना पड़ता था। अब सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में न्यूरो सर्जरी विभाग एवं आई.सी.यू. के प्रारंभ होने से दरभंगा सहित आसपास के जिलों के मरीजों को काफी राहत मिलेगी। गंभीर हेड इंजुरी के मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार एवं आवश्यक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी तथा इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता न्यूनतम हो जाएगी। आई.सी.यू. एवं न्यूरो सर्जरी ओ.टी. के कार्य शुभारंभ के अवसर पर ही सड़क दुर्घटना में घायल एक मरीज लक्ष्मण शर्मा, पिता-नारायण शर्मा, ग्राम-नवटोल, घनश्यामपुर का न्यूरो सर्जरी विभाग में सफल ऑपरेशन किया गया। उक्त मरीज बाइक दुर्घटना में घायल होकर हेड इंजुरी से पीड़ित था। डॉ. भूवनजी झा, विभागाध्यक्ष, न्यूरो सर्जरी विभाग के नेतृत्व में डॉ. वहाज एवं डॉ. संजय कुमार की टीम द्वारा मरीज की सर्जरी की गई। ऑपरेशन कार्य में डॉ. (प्रो.) हरिदामोदर सिंह, विभागाध्यक्ष, निश्चेतना विभाग, डॉ.मनोज कुमार एवं डॉ.रविन्द्र कुमार झा द्वारा आवश्यक चिकित्सा सहयोग प्रदान किया गया। मरीज का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किए जाने के बाद उसे चिकित्सकीय निगरानी के लिए आई.सी.यू. में शिफ्ट किया गया। इस अवसर पर आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा-सह-अध्यक्ष, रोगी कल्याण समिति (शासी निकाय), डीएमसीएच श्री हिमांशु कुमार राय ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों के स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार हो, दवाओं का वितरण समय पर किया जाए, चिकित्सकों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित की जाए तथा ओपीडी का नियमित एवं सुचारू संचालन हो। मरीजों के साथ आने वाले अटेंडेंट की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने मरीजों के बेडशीट एवं तकिया का कवर प्रतिदिन बदलने, अस्पताल में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा मरीजों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर नहीं किया जाए तथा अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए मरीजों को यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही इसके अतिरिक्त उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, पर्याप्त सुरक्षा गार्ड की उपलब्धता तथा वर्षा के दौरान जलजमाव की समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।।उन्होंने बीएमएसआईसीएल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की आपूर्ति एवं उपलब्धता समय पर सुनिश्चित कराने का भी निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। इस अवसर पर अधीक्षक, दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल द्वारा बताया गया कि कार्डियोलॉजी विभाग के कैथलैब में भी कार्य प्रारंभ करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।शीघ्र ही कैथलैब में भी कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे हृदय रोग से संबंधित गंभीर मरीजों को भी डीएमसीएच में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। आई.सी.यू., न्यूरो सर्जरी ओ.टी. एवं आगामी कैथलैब जैसी सुविधाओं का संचालन दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्य शुभारंभ के अवसर पर सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, डॉ. (प्रो.) उमेश चन्द्र झा, प्राचार्य, दरभंगा मेडिकल कॉलेज, डॉ. (प्रो.) जगदीश चन्द्र, अधीक्षक, डीएमसीएच, क्षेत्रीय अपर निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, दरभंगा प्रमंडल, क्षेत्रीय उप निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, दरभंगा प्रमंडल, डॉ. अरूण कुमार, सिविल सर्जन, दरभंगा, डॉ. (प्रो.) संजय कुमार झा, विभागाध्यक्ष, रेडियोलॉजी विभाग, डॉ. (प्रो.) हरिदामोदर सिंह, विभागाध्यक्ष, निश्चेतना विभाग, डॉ. भूवनजी झा, विभागाध्यक्ष, न्यूरो सर्जरी विभाग, डॉ. के.के. झा, विभागाध्यक्ष, मेडिसिन विभाग, डॉ. आसिफ शाहनवाज, विभागाध्यक्ष, नेत्र विभाग, डॉ. पूजा महासेठ, विभागाध्यक्ष, स्त्री एवं प्रसव रोग विभाग, डॉ. रामआशिष यादव, विभागाध्यक्ष, ऑर्थो विभाग, डॉ. प्रवीण कुमार झा, विभागाध्यक्ष, कार्डियोलॉजी विभाग, डॉ. अमित कुमार झा, उपाधीक्षक, डॉ. कमरूद्दीन अंसारी, उपाधीक्षक सहित दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वरीय एवं कनीय चिकित्सक, मातृका, परिचारिकाएं तथा स्वास्थ्य प्रबंधक उपस्थित थे।

तकनीकी सहायक के रिक्त पद पर संविदा आधारित नियोजन हेतु प्रमाण-पत्र सत्यापन की तिथि निर्धारितब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24द...
07/09/2026

तकनीकी सहायक के रिक्त पद पर संविदा आधारित नियोजन हेतु प्रमाण-पत्र सत्यापन की तिथि निर्धारित

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–जिला पंचायती राज पदाधिकारी, दरभंगा श्री पवन कुमार ने बताया कि निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार, पटना से प्राप्त निर्देश के आलोक में तकनीकी सहायक के रिक्त पद पर नियोजन से संबंधित जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक 29 अगस्त 2026 को आयोजित की गई थी।उन्होंने कहा कि बैठक की कार्यवाही में लिए गए निर्णय के आलोक में तकनीकी सहायक के रिक्त पद पर संविदा आधारित नियोजन हेतु चयनित/चिह्नित अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन *11 सितंबर से 13 सितंबर 2026* तक *जिला परिषद, दरभंगा के सभागार* में किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रमाण-पत्र सत्यापन हेतु अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर अपने मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।संबंधित बैठक की कार्यवाही की प्रति NIC Darbhanga की वेबसाइट पर अपलोड की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक काउंटरवार शेष अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। वहीं, 13 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक *11 एवं 12 सितंबर को अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों* के लिए प्रमाण-पत्र सत्यापन का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला परिषद, दरभंगा के सभागार में उपस्थित होकर अपने मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन सुनिश्चित करें।

सऊदी अरब में दिवंगत मो.आफताब मुर्तुजा की पत्नी को भारतीय दूतावास से प्राप्त ₹ 89,173 रूपये का चेक डीएम ने किया सुपुर्दब्...
07/09/2026

सऊदी अरब में दिवंगत मो.आफताब मुर्तुजा की पत्नी को भारतीय दूतावास से प्राप्त ₹ 89,173 रूपये का चेक डीएम ने किया सुपुर्द

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–सऊदी अरब में दिवंगत स्व. मो.आफताब मुर्तुजा के वैध उत्तराधिकारी के रूप में उनकी पत्नी श्रीमती ऊजरा आफरीन आफताब को भुगतान किए जाने हेतु भारतीय राजदूतावास, रियाद द्वारा प्रेषित 89 हजार 173 रुपये) का चेक आज जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में उन्हें विधिवत सुपुर्द किया। श्रीमती श्रीमती ऊजरा आफरीन आफताब, अंचल-मनीगाछी, जिला–दरभंगा की निवासी हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण प्रक्रिया नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न की जाए, ताकि लाभार्थी को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, वरीय उप समाहर्ता सामान्य शाखा सुश्री प्रियंका कुमारी उपस्थित थे।

12 नवजात कन्याओं एवं उनकी माताओं को बेबी किट, फल की टोकरी एवं बधाई कार्ड देकर किया गया सम्मानितब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी...
07/09/2026

12 नवजात कन्याओं एवं उनकी माताओं को बेबी किट, फल की टोकरी एवं बधाई कार्ड देकर किया गया सम्मानित

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन, दरभंगा एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), दरभंगा के तत्वावधान में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहवाड़ा में *बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम* आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान *12 नवजात कन्याओं एवं उनकी माताओं* को बेबी किट, फल की टोकरी एवं बधाई कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित माताओं एवं परिजनों को बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए *बाल विवाह रोकने तथा बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने* के लिए अभिभावकों को जागरूक किया गया। विभाग की लैंगिक विशेषज्ञ डॉली कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।अभिभावकों को बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए *छोटी उम्र से ही बचत की आदत विकसित करने* के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी, हॉस्पिटल मैनेजर, बीसीएम, आशा फैसिलिटेटर सहित स्वास्थ्य केंद्र के कर्मी उपस्थित थे।

सदर प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक संपन्न, आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चाब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी ...
07/09/2026

सदर प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक संपन्न, आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–सदर प्रखंड के मीटिंग हॉल में आज प्रखंड प्रमुख उदय कुमार साहनी की अध्यक्षता एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. रवि रंजन के संचालन में पंचायत समिति की बैठक शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में सदर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के पंचायत समिति सदस्य, सम्मानित मुखिया एवं प्रखंड स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान आगामी वित्तीय वर्ष की वार्षिक विकास योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने, जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव एवं विचार रखे। बैठक में केंद्र एवं बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा एवं चर्चा की गई। इसके साथ ही 15वीं एवं 16वीं वित्तीय योजनाओं, जीपीडीपी (GPDP) सहित अन्य पंचायत स्तरीय योजनाओं पर विचार-विमर्श करते हुए प्रस्तावित योजनाओं की संपुष्टि की गई।बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक बिंदुओं की संपुष्टि की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं एवं विकास से संबंधित मुद्दों को भी बैठक के समक्ष रखा, जिस पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर उप प्रमुख राकेश कुमार रोशन, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुश्री करुणा कश्यप, राजस्व पदाधिकारी विनीता चित्रा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुश्री रिमझिम चौधरी, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी प्रेम कुमार एवं जीविका के बीपीएम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में पंचायत समिति सदस्यों में केसरी यादव, रोशन कुमार, सुधीर सिंह, राजकुमार पासवान, रुन्ना देवी, पप्पू पासवान, राधेश्याम पासवान सहित कई दर्जन पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे। वहीं सदर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के सम्मानित मुखियागण ने भी बैठक में भाग लेकर अपने-अपने पंचायतों की समस्याओं एवं विकास योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक के अंत में प्रखंड प्रमुख उदय कुमार साहनी ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के बेहतर समन्वय से ही गांवों के समग्र विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने जनहित एवं विकास से जुड़ी योजनाओं के पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी ने की बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठकब्यूरो...
07/09/2026

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी ने की बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज अंबेडकर सभागार में में राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधियों, बिजली विभाग के अभियंता के साथ पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं त्वरित क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के तहत सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने के इच्छुक लाभुकों को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की।जिलाधिकारी ने सभी क्षेत्रों के कनीय अभियंताओं को कम-से-कम 25 नए आवेदन करवाने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित संवेदकों को निर्देशित किया कि अब तक जो भी सामग्री/उपकरण डिस्पैच किए गए हैं,उनका अगले चार दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से इंस्टॉलेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों का शीघ्रता से निष्पादन करते हुए ऋण को स्वीकृत (Sanction) एवं वितरित (Disburse) किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को बिना अनावश्यक विलंब के योजना का लाभ मिल सके।जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा लाभुकों को आवश्यक बैंकिंग सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए। बैठक के दौरान योजना से संबंधित ऋण आवेदनों की स्थिति, स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया तथा बैंक स्तर पर आ रही कठिनाइयों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी योजना के क्रियान्वयन में बैंकों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखने तथा लाभुकों को तकनीकी एवं प्रक्रियागत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में विद्युत विभाग के अभियंता सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

अस्थायी केंद्रीय विद्यालय के संचालन को लेकर डीएम ने प्लस टू जेएनजेभी उच्च विद्यालय,नवादा का किया निरीक्षणब्यूरो रिपोर्ट ...
01/09/2026

अस्थायी केंद्रीय विद्यालय के संचालन को लेकर डीएम ने प्लस टू जेएनजेभी उच्च विद्यालय,नवादा का किया निरीक्षण

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा बेनीपुर प्रखंड अंतर्गत अस्थायी केंद्रीय विद्यालय के संचालन को लेकर आज प्लस टू जेएनजेभी उच्च विद्यालय, नवादा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का विस्तृत जायजा लिया तथा अस्थायी केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए उपलब्ध स्थान, कक्षाओं, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त की। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्थायी केंद्रीय विद्यालय के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के अनुकूल वातावरण बनाए रखने, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के संचालन के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री विद्यानंद ठाकुर एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिले में 48 स्थानों पर आयोजित हुआ सहयोग शिविर,डीएम ने विभिन्न विभागों के काउंटरों का किया निरीक्षणब्यूरो रिपोर्ट हिन्द ट...
01/09/2026

जिले में 48 स्थानों पर आयोजित हुआ सहयोग शिविर,डीएम ने विभिन्न विभागों के काउंटरों का किया निरीक्षण

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–आज बेनीपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत देवराम अमेठी के प्लस-2 उच्च विद्यालय, अमैठी में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। सहयोग शिविर में जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अनुमंडल पदाधिकारी, बेनीपुर, डीसीएलआर, बेनीपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बेनीपुर, अंचलाधिकारी, बेनीपुर, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, बेनीपुर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, बेनीपुर सहित माननीय मुखिया जी, पंचायत सचिव एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जिले में कुल 48 स्थानों पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया है।उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य आम जनता को उनके घर-पंचायत के आसपास ही विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराना है।उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा सरकारी योजना से संबंधित कठिनाई होने पर सहयोग शिविर में आवेदन दें। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का संबंधित विभागों के माध्यम से ससमय निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए आम नागरिकों को बार-बार प्रखंड या अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। सहयोग शिविर के माध्यम से उनकी समस्याओं को स्थानीय स्तर पर प्राप्त कर उनके निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम जनता तक सरकारी सेवाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को उनके आवेदन के निष्पादन की स्थिति से भी अवगत कराएं। साथ ही इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक काउंटर पर उपलब्ध सेवाओं, प्राप्त आवेदनों तथा आमजन की समस्याओं के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का पंजी संधारित करते हुए विभागवार एवं विषयवार विवरण सुरक्षित रखा जाए।उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें तथा जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही नियमानुसार समाधान किया जाए। साथ ही, जिन मामलों में अन्य विभागों अथवा उच्च स्तर से कार्रवाई अपेक्षित हो, उन्हें संबंधित कार्यालय को अग्रसारित करते हुए उसका लगातार अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित अपनी समस्याएं एवं आवेदन पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के काउंटर पर आवेदन प्राप्त किए गए।।जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुन रहा है और उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई कर रहा है।उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों के माध्यम से आम जनता से आवेदन प्राप्त कर,उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित ग्रामीणों से संवाद किया।

खाद बिक्री एवं आवेदन प्रणाली (FSAS) को आसान बनाने के लिए नई व्यवस्था लागूब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24दरभंगा–कृषि विभाग, ...
01/09/2026

खाद बिक्री एवं आवेदन प्रणाली (FSAS) को आसान बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू

ब्यूरो रिपोर्ट हिन्द टीवी 24

दरभंगा–कृषि विभाग, बिहार सरकार द्वारा राज्य में उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से खाद बिक्री एवं आवेदन प्रणाली (Fertilizer Sale and Application System-FSAS) के अंतर्गत Framework for Fertilizer Sale (FFS) व्यवस्था लागू की गई है। नई व्यवस्था के तहत किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे तथा बुकिंग पूर्ण होने के बाद प्राप्त QR Code/Token के माध्यम से निर्धारित दर पर उर्वरक का उठाव कर सकेंगे।इस डिजिटल व्यवस्था से उर्वरक की मांग, बुकिंग एवं वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी तथा किसानों को अनावश्यक भाग-दौड़, लंबी कतार एवं बिचौलियों से राहत मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत फार्मर आईडी धारक किसान अपनी फार्मर आईडी एवं मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से एग्रीस्टैक (AgriStack) से जुड़े अपने सर्वे/खेसरा नंबर के आधार पर लॉगिन कर सकेंगे। वहीं, जिन किसानों की अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनी है, वे आधार नंबर एवं OTP/Face Authentication के माध्यम से भी प्रणाली में लॉगिन कर सकेंगे। इसमें अपनी भूमि पर खेती करने वाले रैयत किसान, पूर्वजों की जमाबंदी के वैध वारिस, नई भूमि पर खेती करने वाले किसान तथा गैर-रैयत बटाईदार एवं अन्य भूमि पर खेती करने वाले किसान भी शामिल हैं। FFS प्रणाली के माध्यम से किसान अपने संबंधित खेसरा एवं फसल का चयन कर सकेंगे। इसके बाद भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की सामान्य अनुशंसा के अनुरूप संबंधित फसल के लिए आवश्यक उर्वरक की मात्रा प्रणाली पर प्रदर्शित होगी। किसान प्रदर्शित अनुशंसित मात्रा के अनुसार उर्वरक का चयन कर सकते हैं तथा अपनी आवश्यकता के अनुरूप मात्रा का चयन भी कर सकेंगे।उर्वरक की बुकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान को ऐप के माध्यम से QR Code/Token जारी किया जाएगा। यह QR Code/Token तीन दिनों अर्थात 72 घंटे तक वैध रहेगा। निर्धारित अवधि के भीतर यदि किसान द्वारा उर्वरक का उठाव नहीं किया जाता है, तो जारी किया गया QR Code/Token स्वतः निरस्त हो जाएगा। ऐसी स्थिति में किसान को पुनः बुकिंग कर नया QR Code जनरेट करना होगा। सभी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को अपनी POS मशीन अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। किसान बुकिंग के बाद जारी QR Code लेकर संबंधित अधिकृत खुदरा विक्रेता के पास जाएंगे। विक्रेता द्वारा POS मशीन के माध्यम से QR Code स्कैन किए जाने के बाद किसान निर्धारित दर पर उर्वरक का उठाव कर सकेंगे। इससे उर्वरक की बिक्री एवं वितरण प्रक्रिया का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा तथा निर्धारित दर एवं मात्रा के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। किसान स्वयं FFS App के माध्यम से उर्वरक की बुकिंग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसानों की सुविधा के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC)/वसुधा केंद्र, FPO, PACS, SHG, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार के माध्यम से भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसानों को डिजिटल प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उर्वरक बुकिंग, वितरण अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या या विवाद के निवारण के लिए पंचायत स्तर से जिला स्तर तक समयबद्ध शिकायत निवारण व्यवस्था विकसित की गई है। प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत लगभग 2 से 7 कार्य दिवस के भीतर समाधान सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई ह
है।कृषि विभाग द्वारा संचालित एग्रीस्टैक परियोजना के तहत उर्वरक की पारदर्शी बिक्री, समय पर उपलब्धता तथा किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फार्मर आईडी (Farmer Registry) बनवाना आवश्यक किया गया है।दरभंगा जिले में अब तक कुल 1,62,853 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की कृषि संबंधी जानकारी डिजिटल रूप से व्यवस्थित होने के साथ ही मांग आधारित उर्वरक एवं अन्य कृषि सुविधाओं की उपलब्धता को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा। दरभंगा जिले के विभिन्न प्रखंडों में फार्मर रजिस्ट्री के तहत अब तक निम्न संख्या में किसानों की फार्मर आईडी निर्गत की गई है—
केवटी – 11,731,
सिंहवाड़ा – 12,583,
दरभंगा – 12,555,
मनीगाछी – 9,114,
बहादुरपुर – 10,473,
हायाघाट – 6,819,
अलीनगर – 7,871,
कुशेश्वरस्थान पूर्वी – 6,955,
कुशेश्वरस्थान – 9,079,
बेनीपुर – 9,947,
किरतपुर – 4,528,
तारडीह – 5,761,
जाले – 9,447,
घनश्यामपुर – 6,375,
हनुमाननगर – 6,500,
गौड़ाबौराम – 6,769
बहेड़ी – 14,502,
बिरौल – 11,844
इस प्रकार जिले में अब तक 1,62,853 किसान फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ चुके हैं।किसानों से अपील की गई है कि जिन्होंने अभी तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, वे अपने निकटतम CSC/वसुधा केंद्र, किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, FPO अथवा PACS के माध्यम से अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। इसके लिए किसान को आधार कार्ड एवं भूमि संबंधी आवश्यक विवरण/दावा उपलब्ध कराना होगा, जिसके आधार पर e-KYC एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। FSAS एवं Farmer Registry के माध्यम से लागू की गई यह डिजिटल व्यवस्था केवल उर्वरक वितरण को सरल बनाने की पहल नहीं है, बल्कि किसानों को पारदर्शी, त्वरित, समान एवं निर्बाध कृषि सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल बुकिंग, OTP प्रमाणीकरण, QR Code आधारित उठाव एवं POS मशीन के माध्यम से बिक्री से उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

Address

DARBHANGA
Darbhanga
847101

Telephone

+918541849415

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when HIND TV 24 posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to HIND TV 24:

Shortcuts

Share