11/08/2026
ज्योती यादव, डोईवाला। धनयाड़ी में हाथी के हमले से महिला की मौत, गुस्साए ग्रामीणों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया हाईवे जाम...
डोईवाला। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के धनयाड़ी में जंगली हाथी के हमले में अंजली गुप्ता की दर्दनाक मौत के बाद मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही से दहशत का माहौल है और वन विभाग समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है। इसी लापरवाही के कारण एक निर्दोष महिला की जान गई।
जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि "यह घटना वन विभाग की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। पहले भी इसी हाथी द्वारा कई लोगों पर हमले हो चुके हैं। ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि 48 घंटे के भीतर इस हाथी को रेस्क्यू कर सुरक्षित क्षेत्र में नहीं भेजा गया तो कांग्रेस ग्रामीणों के साथ उग्र आंदोलन करेगी।"
पूर्व जिला पंचायत सदस्य अश्विनी बहुगुणा ने मृतका के परिवार को न्याय की मांग करते हुए कहा कि "परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, उचित आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही प्रभावित गांवों में सोलर फेंसिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।"
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी और ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने भी हाथियों के आतंक को रोकने के लिए स्थायी समाधान, नियमित गश्त और मुआवजे की मांग उठाई।
*ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:*
1. संबंधित जंगली हाथी को 48 घंटे के भीतर रेस्क्यू कर अन्यत्र भेजा जाए
2. पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए
3. प्रभावित गांवों में तत्काल सोलर फेंसिंग लगाई जाए
4. हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था बने
5. पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और त्वरित सहायता मिले
काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद वन विभाग के रेंजर और वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता हुई। रेंजर ने आश्वासन दिया कि बुधवार दोपहर डीएफओ से ग्रामीणों की वार्ता कराई जाएगी। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगें न मानी जाने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अश्विनी बहुगुणा, डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी, बड़ासी ग्राम प्रधान राहुल मनवाल, पाववाला सोडा ग्राम प्रधान करण रावत, हेमा पुरोहित, रेनू चुनारा, नरेंद्र सौलंकी सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों ने किया।