07/08/2026
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत, एक बच्चा गंभीर घायल
पौड़ी। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुंडाधार के समीप उस समय हुआ, जब हरिद्वार से पौड़ी आ रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में छह से सात लोग सवार थे। अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आशंका है कि वाहन में अन्य लोग भी सवार हो सकते हैं। इसे देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस की टीम खाई में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया। बचाव अभियान लगातार जारी है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है।