15/09/2022
नगर पंचायत लालकुआं के सभागार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोटाहल्दू के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ0 हरीश चंद्र पांडे की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें डेंगू की पहचान, उसके लक्षण और बचाव के तौर-तरीकों पर चर्चा के साथ ही इसकी रोकथाम का निर्णय लिया गया।
इस बैठक में मोटाहल्दू स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ0 हरीश चंद्र पांडेय ने कहा कि जागरूकता के द्वारा डेंगू की रोकथाम संभव है। इसके लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विशेषकर उन स्थानों को फोकस किया जाना है, जहां पर डेंगू बीमारी का खतरा ज्यादा है और यह सब स्थानीय लोगों की जागरूकता से होगा। डॉ0 पांडेय ने इस दिशा में सभी सामाजिक संस्थाओं से भी आगे आने का आह्वान किया।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष लालचंद्र सिंह ने कहा कि बरसात के समय डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए इससे बचने के लिए अपने घरों और आसपास में साफ-सफाई जरूर रखें तथा पानी को इकट्ठा ना होने दें। उन्होंने कहा सतर्कता बरतने पर डेंगू बीमारी से बचा जा सकता है।
इस बैठक में नगर पंचायत, मलेरिया विभाग तथा जल संस्थान के अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल हुए।