01/09/2026
हिंद फोकस न्यूज़
मुरैना (मध्य प्रदेश)
रक्षाबंधन पर भाइयों को बेरंग लौटाया, अगली सुबह नवविवाहिता की संदिग्ध मौत; पिता बोले– ‘पीट-पीटकर मार डाला’
मुरैना: नूराबाद थाना क्षेत्र के बेड़ा गांव में 23 वर्षीय नवविवाहिता अन्नू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे खुदकुशी बता रहा है। पुलिस ने पति और ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राखी बांधे बिना ही लौटे थे भाई
घटना से जुड़ा सबसे मार्मिक पहलू यह है कि रक्षाबंधन के दिन अन्नू के भाई अपनी बहन से राखी बंधवाने ससुराल पहुंचे थे। आरोप है कि पति संदीप गुर्जर ने भाइयों से राखी नहीं बंधवाने दी। घर में विवाद न बढ़े, इसलिए अन्नू ने नम आंखों से अपने भाइयों को बिना राखी बांधे ही वापस लौटा दिया था। भाइयों को क्या पता था कि बहन की कलाई का यह सूनापन उनकी जिंदगी में हमेशा के लिए छा जाएगा। अगली ही सुबह अन्नू की संदिग्ध मौत की खबर मायके पहुंची।
‘फांसी नहीं, पीट-पीटकर की गई हत्या’ – पिता का आरोप
जिनावली निवासी पिता राजेश कंसाना ने रोते हुए बताया कि उन्होंने डेढ़ साल पहले ही हैसियत से बढ़कर दान-दहेज देकर बेटी की शादी की थी। पिता का सीधा आरोप है कि पति संदीप गुर्जर, ससुर रामलखन और अन्य परिजनों ने मिलकर दहेज की खातिर उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। पिता के मुताबिक, जब वे मौके पर पहुंचे तो अन्नू का शव जमीन पर पड़ा था और उसके गले पर फांसी का कोई निशान नहीं था, बल्कि शरीर पर गंभीर चोट व मारपीट के निशान मौजूद थे।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
मामले में नूराबाद थाना पुलिस ने मृतका के पति संदीप गुर्जर, ससुर रामलखन, जेठ और जेठानी सहित 5 लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है। बानमोर एसडीओपी अनिल कुमार के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।