02/09/2026
#धनबाद:टेंडर को लेकर भवन प्रमंडल कार्यालय में भिड़े संवेदक, जमकर हुई मारपीट।
धनबाद: धनबाद के भवन प्रमंडल कार्यालय में बुधवार को टेंडर को लेकर संवेदकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची धनबाद थाना पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। मामला अब थाने पहुंच गया है।
बताया जा रहा है कि भवन प्रमंडल विभाग की ओर से करीब ढाई करोड़ रुपये का ऑनलाइन टेंडर निकाला गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमशेदपुर से कुछ संवेदक बुधवार को एग्रीमेंट के लिए भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय संवेदकों ने बाहरी संवेदकों के पहुंचने का विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
स्थानीय संवेदकों का आरोप है कि धनबाद के स्थानीय संवेदकों को ही काम नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में बाहरी संवेदकों द्वारा धनबाद में टेंडर डालकर काम हासिल करना स्थानीय संवेदकों के हित में उचित नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विभागीय कैंपस में विवाद और मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई।