07/09/2026
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ओयल कस्बे में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाई-वोल्टेज बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गई । टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ और कार देखते ही देखते आग का गोला बन गई । इस दर्दनाक हादसे में 3 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कार सवार अन्य 3 युवक गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है । यह हादसा खीरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीतापुर-लखीमपुर फोरलेन हाईवे पर, ओयल पुलिस चौकी के पास रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ।जानकारी के अनुसार, शिव कॉलोनी के रहने वाले आयुष कुमार अपने 5 दोस्तों के साथ कार (वर्ना) से चाय पीने के लिए सीतापुर की तरफ जा रहे थे । इलाके में तेज बारिश भी हो रही थी। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की पहचान आयुष कुमार, आकाश वर्मा और शिवा सिंह के रूप में हुई है । सभी मृतकों और घायलों की उम्र 21 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है । हादसे की सूचना मिलते ही ओयल चौकी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे । पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार के शीशे तोड़े और उसमें फंसे सभी 6 लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीन की मौत हो चुकी थी ।