25/08/2026
महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात दो महिला कांस्टेबल इन दिनों अपने रिश्ते और शादी की योजना को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों महिला कांस्टेबल ने 30 अगस्त को आलंदी में वैदिक रीति-रिवाज से शादी करने के लिए छुट्टी का आवेदन दिया है। आवेदन के साथ शादी का निमंत्रण पत्र भी लगाया गया, जिसके बाद पुलिस विभाग में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
बताया जा रहा है कि दोनों महिला कांस्टेबल अलग-अलग इलाकों से हैं और पुलिस में भर्ती होने के बाद दोनों की ट्रेनिंग पूरी हुई। बाद में दोनों की पोस्टिंग पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस कमिश्नरेट में हुई। शुरुआत में दोनों पुलिस मुख्यालय में तैनात थीं, लेकिन बाद में एक ही पुलिस स्टेशन में पोस्टिंग के दौरान उनकी नजदीकी बढ़ी और दोनों ने आपसी सहमति से साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
मामला सामने आने के बाद एक कांस्टेबल के परिवार की ओर से इस रिश्ते पर आपत्ति जताए जाने की बात भी सामने आई। परिवार के कुछ सदस्य पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामले में हस्तक्षेप की मांग की। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने दोनों को वयस्क बताते हुए कहा कि यदि दोनों अपनी सहमति से यह फैसला ले रही हैं, तो पुलिस उनके निजी फैसले में रोक नहीं लगा सकती। जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग की मदद उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।
यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज है। दोनों महिला कांस्टेबल के विवाह की योजना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
नोट: यह खबर उपलब्ध रिपोर्ट्स के आधार पर है। संबंधित अधिकारियों या दोनों महिला कांस्टेबल की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
#उजला_दर्पण