02/04/2026
हमें खत्म करने वाले सुन लें, असम पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी खूब गरजे, जनसभा में बोले-मियां जिंदा रहेगा
Asaduddin Owaisi Assam Visit - असम विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग की तारीख नजदीक आने के बाद ही सियासी पारा चढ़ गया है। गुरुवार को AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असम में गरजे। उन्होंने बदरुद्दीन अजमल की पार्टी के लिए प्रचार करते हुए सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को निशाने पर लिया।
AIMIM के सुप्रीमो असुदद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को असम में हुंकार भरी। राज्य में बदरुद्दीन अजमल की अगुवाई वाले AIUDF के लिए प्रचार किया। ओवैसी ने नगांव और मोरीगांव में सभाएं कीं। मोरी गांव में असुदद्दीन ओवैसी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को निशाने पर लिया। ओवैसी ने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री बोलते हैं कि हमारी कमर तोड़ देंगे, हमारा जीना हराम कर देंगे। हमें खत्म करने वाले सुन लें दुनिया तब तक जिंदा रहेगी जब तक मियां जिंदा रहेगा... हम किसी से डरने वाले नहीं है।
AIUDF के वोट देने की अपील की
इससे पहले नगांव में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हम सभी मतदाताओं विशेष रूप से मुस्लिम अल्पसंख्यक मतदाताओं से अपील करते हैं कि ऐसी स्थिति में जब बीजेपी असंवैधानिक और गैर-कानूनी भेदभाव कर रही है। उसने 50,000 मुसलमानों को बेदखल कर दिया है। कांग्रेस पार्टी बोलने की हिम्मत नहीं कर रही, ऐसे माहौल में यह बिल्कुल जरूरी है कि आप एआईयूडीएफ को अपना वोट दें और यह सुनिश्चित करें कि आपकी आवाज विधानसभा तक पहुंचे। असम में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।