04/09/2026
खुखुन्दू थाना क्षेत्र के रुस्तमगढ़ गांव में गुरुवार दोपहर 45 वर्षीय दीपांकर की सांप के काटने से मौत हो गई। अंधविश्वास और झाड़-फूंक के कारण अस्पताल पहुंचने में देरी हुई, जिससे उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पाया।
दीपांकर दोपहर के समय अपने धान के खेत में घास की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घास के बीच छिपे एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटते ही दीपांकर ने शोर मचाया। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच सांप खेतों में गायब हो गया।
परिजनों और ग्रामीणों को तुरंत अस्पताल जाने की सलाह देने के बजाय कुछ लोग झाड़-फूंक और देसी उपचार की तैयारी में लग गए। इस अंधविश्वास में करीब दो घंटे का कीमती समय बर्बाद हो गया। इस दौरान जहर तेजी से दीपांकर के पूरे शरीर में फैल गया।
हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें भलुआनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दीपांकर की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। #खुखुन्दू