25/01/2026
मेरा युवा भारत के तत्वाधान में आज निकाली जाएगी लार में मतदाता जागरूकता रैली
रिपोर्ट अनवर अंसारी
देवरिया। मेरा युवा भारत के तत्वाधान में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर पदयात्रा एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उक्त कार्यक्रम लार टाउन में रखा गया है जहां एक रैली के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जायेगा। रैली दिन में 11 बजे स्थानीय ओके इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर अटल चौक जायेगी इसके बाद अन्य मार्गों से होते हुए वापस ओके इंटर कॉलेज आयेगी जहां शपथ ग्रहण के माध्यम से मतदाताओं को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया जाएगा और कार्यक्रम का समापन होगा। इसमें योग्य युवा मतदाता, समाजसेवी व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उक्त बाते शनिवार को शहर के रामलीला मैदान स्थित जिला कार्यालय पर मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी चंद्रभूषण चौबे ने एक इंटरव्यू के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य योग्य मतदाताओं को फॉर्म छह भरवाना, वोटर लिस्ट में जिनका नाम किन्हीं कारणों से नहीं जुड़ा है उनको नाम जुड़वाने की अपील करना एवं सभी को शपथ ग्रहण के माध्यम से भारत का जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देना है। श्री चौबे ने कहा की शपथ ग्रहण का कार्यक्रम जनपद के समस्त ब्लाकों में किया जायेगा और रैली लार में निकाली जाएगी। उन्होंने इस मौके पर 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता बनने की अपील की है कहा कि युवा इलेक्शन कमीशन की वेबसाइड पर जाकर फॉर्म छह ऑनलाइन कर सकते हैं, इसके अतिरिक्त स्थानीय बीएलओ के पास ऑफ लाइन फॉर्म छह भरकर मतदाता बन सकते हैं।