01/09/2026
कुमारधुबी में रामकथा का शंखनाद, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
करीब दो हजार श्रद्धालु हुए शामिल, विधायक अरूप चटर्जी का हुआ नागरिक अभिनंदन
कुमारधुबी/निरसा। कुमारधुबी के औघड़डंगाल क्षेत्र में आयोजित दस दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। आयोजन के प्रथम दिन सनातन धाम कमेटी के नेतृत्व में विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 1500 से 2000 श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा में महिलाओं, युवतियों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। माथे पर पवित्र कलश धारण किए श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष करते हुए आगे बढ़ रहे थे। औघड़डंगाल से प्रारंभ हुई यात्रा चिरकुंडा स्थित नदी तट पहुंची, जहां श्रीराम कथा के मुख्य आचार्य पंडित शालिग्राम जी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल ग्रहण किया। पूरे मार्ग में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
विधायक अरूप चटर्जी का नागरिक अभिनंदन
कार्यक्रम में निरसा के विधायक अरूप चटर्जी ने भी शिरकत की। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर सनातन धाम कमेटी के अमन सिंह सहित पदाधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। समिति की ओर से विधायक को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में एकता, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भव्य एवं अनुशासित आयोजन के लिए सनातन धाम कमेटी तथा क्षेत्रवासियों की सराहना की।
विधायक के साथ मुखिया मनोज राउत भी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि आगामी दस दिनों तक क्षेत्र में प्रसिद्ध कथा वाचकों द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा की अमृत वर्षा की जाएगी। प्रतिदिन संध्या कथा के उपरांत आरती तथा महाप्रसाद का आयोजन होगा।
कार्यक्रम में सनातन धाम कमेटी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।