17/10/2026
निरसा के पोद्दारडीह दुर्गा मंदिर पूजा पंडाल का हुआ उद्घाटन, पूर्व सांसद पी.एन. सिंह ने कहा: माता-पिता की सेवा ही असली पूजा!
निरसा। निरसा के पोद्दारडीह स्थित दुर्गा मंदिर में दुर्गापूजा के अवसर पर पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन किया गया। पूजा पंडाल का उद्घाटन धनबाद के पूर्व सांसद पी.एन. सिंह ने विधिवत रूप से किया।
उद्घाटन समारोह में सिंदरी के पूर्व विधायक की पत्नी तारा देवी, धनबाद जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह, निरसा के एसडीपीओ लिलेश्वर महतो, निरसा अंचल अधिकारी विक्रम आनंद, प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्रलाल ओहदार सहित भाजपा नेता मुन्ना सिंह, संजय सिंह, बृहस्पति पासवान और गौतम सेनगुप्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान पूर्व सांसद पी.एन. सिंह ने दुर्गापूजा के धार्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हम सभी नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां दुर्गा और असुर के बीच नौ दिनों तक युद्ध चला, जिसके बाद असुर का वध हुआ। इसी विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत की खुशी में हम दुर्गापूजा मनाते हैं।
पूर्व सांसद ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने माता-पिता का सम्मान और सेवा नहीं करता, उसके लिए केवल मां की पूजा करना पर्याप्त नहीं है। असली पूजा माता-पिता के चरणों में होती है। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा और उनका सम्मान करना भी हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल है।
वहीं, पूजा के शुभ अवसर पर झारखंड की पूर्व मंत्री सह पूर्व विधायक श्रीमती अपर्णा सेनगुप्ता ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
पूजा पंडाल के उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।