27/05/2026
🚨 BREAKING NEWS 🚨धनबाद के चौधरी स्वीट्स में भीषण आग, लाखों का नुकसान 🔥
धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मशहूर चौधरी स्वीट्स में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
दुकान संचालक बबलू के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिससे करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से आग लगी। लोगों ने दुकान के बाहर अवैध रूप से बड़े चूल्हे लगाए जाने पर भी सवाल उठाए और प्रशासन से जांच की मांग की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के ऊपर एक बुजुर्ग दंपति रहते हैं। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं।