15/10/2026
धनबाद में साइबर अपराधियों के खिलाफ ‘साइबर शील्ड’ का बड़ा एक्शन! पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 20 मोबाइल, 3 लैपटॉप और 23 बैंक पासबुक बरामद!
:धनबाद में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर पांच कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 20 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 23 बैंक पासबुक, 16 एटीएम कार्ड और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इस पूरे ऑपरेशन को ‘साइबर शील्ड’ नाम दिया गया है।
धनबाद जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ‘साइबर शील्ड’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि भालपहाड़ी गांव में कुछ साइबर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी की। इस अभियान में 17 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 80 महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन लैपटॉप और 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें चार आईफोन भी शामिल हैं। इसके अलावा 16 एटीएम कार्ड, चार पैन कार्ड, चार आधार कार्ड, 23 बैंक पासबुक, विभिन्न बैंकों के 10 चेकबुक, एक ई-पॉस मशीन, तीन आरसी बुक और एक ग्रीन रेमिट कार्ड भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी निवासी राजू कुमार मंडल, उत्तम कुमार मंडल और अजीत कुमार मंडल के अलावा देवघर जिले के दिलीप कुमार मंडल तथा कोडरमा जिले के उमेश कुमार राणा के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में टुंडी थाना कांड संख्या 77/26 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) तथा 66(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
धनबाद पुलिस का कहना है कि जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए ‘साइबर शील्ड’ अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
#झारखंड_न्यूज #धनबाद_न्यूज #साइबर_अपराध #धनबाद_पुलिस