16/08/2026
स्वास्थ्य सेवाओं में सदर अस्पताल रांची ने रचा नया कीर्तिमान: राष्ट्रीय स्तर पर बना सिरमौर, निःशुल्क जटिल सर्जरी से लेकर जन-जागरूकता तक पेश की मिसाल
रांची: आम जनता को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और पूरी तरह निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर सदर अस्पताल, रांची ने राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश में एक नई पहचान बनाई है। जनसेवा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता के चलते यह झारखंड का पहला 'मुस्कान सर्टिफाइड' सरकारी अस्पताल बन गया है। इसके साथ ही अस्पताल ने अपनी बेहतर कार्यप्रणाली और उच्च मानकों के दम पर लक्ष्य (LaQshya), कायाकल्प, इन्क्वास (NQAS), ईको-फ्रेंडली और एनएबीएल (NABL) जैसी कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मान्यताओं को भी अपने नाम किया है।
अस्पताल की इस उत्कृष्ट कार्यशैली की गूंज राष्ट्रीय स्तर पर भी सुनाई दे रही है। आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और मरीजों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं देने के मामले में सदर अस्पताल रांची ने पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है, जिसके लिए पुणे में आयोजित 'चिंतन शिविर' में स्वास्थ्य विभाग को सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं, गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के एक समारोह में अस्पताल के ब्लड बैंक को देश का 'बेस्ट गवर्नमेंट ब्लड बैंक' घोषित कर नवाजा गया है, जो यहां की रक्त सुरक्षा और प्रबंधन प्रणाली की मजबूती को दर्शाता है।
चिकित्सा के क्षेत्र में सदर अस्पताल ने जटिल और उन्नत सर्जरी की निःशुल्क सुविधा शुरू कर राज्य के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बहुत बड़ी राहत दी है। अब जटिल ब्रेन और स्पाइन सर्जरी, सर्वाइकल ट्यूमर, ब्रेन ट्यूमर और थोरैसिक डिकॉर्टिकेशन जैसे गंभीर ऑपरेशनों के लिए मरीजों को बड़े और महंगे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। इसी क्रम में मासूमों के जीवन को सुरक्षित करने के लिए अस्पताल ने जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 305 बच्चों की विशेष स्क्रीनिंग की, जिनमें से चिन्हित 101 बच्चों की सफल निःशुल्क सर्जरी कराकर उन्हें नया जीवन दिया जा रहा है।
चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ सदर अस्पताल सामाजिक सुधार और कानूनी अनुपालन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान को मजबूती देने और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा पर रोक लगाने के उद्देश्य से अस्पताल प्रबंधन पीसी-पीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कर रहा है। अवैध लिंग चयन गतिविधियों पर नकेल कसते हुए हाल ही में माँ अल्ट्रासाउंड एंड डायग्नोस्टिक सेंटर और सिटी अल्ट्रासाउंड सेंटर सहित कई अन्य अनियमित संस्थानों को सील करने की सख्त कार्रवाई की गई है।