11/08/2026
चंद घंटों में चोरी के दो मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
सोने के जेवरात सहित करीब 8 लाख रुपये की चोरी की मशरूका बरामद, नाबालिग को धमकाकर चोरी कराने का आरोप
Writing
भिलाई। चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से सोने के जेवरात सहित दोनों मामलों में करीब 8 लाख रुपये की चोरी की मशरूका बरामद की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को मोहम्मद मोहसिन खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी दुर्गानगर जुनवानी रोड, भिलाई ने चौकी स्मृतिनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब 2-3 माह पूर्व उसके 17 वर्षीय नाबालिग भांजे को आरोपी अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकाकर घर से सोने के जेवरात लाने के लिए दबाव बनाया था। आरोपियों के कहने पर नाबालिग के माध्यम से घर से दो सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की कान की बाली और एक सोने का मंगलसूत्र चोरी कराया गया।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1158/2026 के तहत धारा 351(3), 305(ए), 95 एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने के जेवरात बरामद किए गए।
जांच के दौरान पुलिस को चौकी स्मृतिनगर के एक अन्य चोरी के प्रकरण अपराध क्रमांक 1157/2026 से संबंधित चोरी की मशरूका के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपियों की निशानदेही पर दूसरे मामले की चोरी की संपत्ति भी बरामद कर ली गई। दोनों प्रकरणों में पुलिस ने कुल करीब 8 लाख रुपये की मशरूका जब्त की है।
पुलिस के अनुसार अपराध का तरीका
आरोपियों द्वारा नाबालिग को धमकाकर उसके माध्यम से घर से सोने के जेवरात लाने के लिए दबाव बनाया गया और चोरी की संपत्ति अपने कब्जे में ले ली गई। पुलिस ने तकनीकी एवं विवेचनात्मक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर चोरी की मशरूका बरामद की।
गिरफ्तार आरोपी
अनुराग कुर्रे, उम्र 18 वर्ष, निवासी संजय नगर कुम्हारपारा, सुपेला।
करन सोनी, उम्र 25 वर्ष, निवासी भीमनगर वार्ड क्रमांक 10, सुपेला।
रोहित गुप्ता, उम्र 23 वर्ष, निवासी संजय पारा, भगत सिंह चौक, वार्ड क्रमांक 15, सुपेला।
पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर पुलिस की त्वरित विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही।