01/09/2026
माँ की स्मृति में प्रकृति सेवा का संकल्प, प्रेरणा पार्क-2 का उद्घाटन
प्रेरणा पार्क-2 में जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लगाए पौधे
स्वास्थ्य जांच शिविर में 500 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
स्वास्थ्य सेवा वाहन अभियान का शुभारम्भ
Faridabad : 1 सितंबर। उद्योगपति एस.एस. बांगा व एच.एस. बांगा ने अपनी पूजनीय माताजी स्वर्गीय श्रीमती हरजिंदर कौर बांगा जी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर सेक्टर-58 में विक्टोरा प्रेरणा पार्क-2 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत 300 पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ मानव सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 500 लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त श्री यशेंद्र सिंह, बतौर विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख श्री कृष्ण सिंघल, स्किल विश्वविद्यालय, पलवल के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार जी, जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अजय रंगा तथा कम्युनिटी कॉलेज ऑफ स्किल डेवलपमेंट के प्रिंसिपल प्रो. संजीव गोयल उपस्थित रहे। विक्टोरा ग्रुप के संस्थापक गंभीर सिंह बांगा, विक्टोरा इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक एस.एस. बांगा, निदेशक सतवीर सिंह बांगा तथा विक्टोरा टेक्नोलॉजीज के प्रबंध निदेशक हरदीप सिंह बांगा ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
*प्रेरणा पार्क-2 का उद्घाटन*
“ट्री मैन” एस.एस. बांगा ने कहा कि अपनी माँ की प्रथम पुण्यतिथि के मौके पर प्रेरणा पार्क-1 में 200 पौधे लगाए गए थे और इसी कड़ी में आज उनकी द्वितीय पुण्यतिथि के मौके पर प्रेरणा पार्क-2 में 300 पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, “माँ हमें जीवन देती हैं और पेड़ उस जीवन को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाते हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि भावनाओं को जिम्मेदारी में बदलने का संकल्प है। हमारा प्रयास है कि हर पौधा आने वाली पीढ़ियों को छाया, स्वच्छ हवा और जीवन दे।”
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में पार्कों के विकास और हजारों पौधों के संरक्षण के लिए ट्री एम्बुलेंस जैसी पहल की गई है। 20 प्रमुख मंदिरों से फूलों के संग्रह के माध्यम से पिछले छह महीनों में लगभग 20 टन फूलों के अपशिष्ट को कूड़ा भराव स्थल एवं जल प्रदूषण से बचाने का प्रयास किया गया है।
*स्वास्थ्य सेवा वाहन का शुभारम्भ*
उद्योगपति हरदीप सिंह बांगा ने कहा, “स्वास्थ्य सेवा वाहन की सेवा पहले से चल रही है। आज माताजी की दूसरी पुण्यतिथि के मौके पर दूसरी बस चालू की गई है। इस बस के माध्यम से सुदूर बस्तियों एवं आसपास के गांवों में डॉक्टरों की टीम द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा, “माताजी ने हमें सेवा, सादगी और समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा दी। उनकी स्मृति को केवल याद करने के बजाय ऐसे कार्यों से जोड़ना हमारा प्रयास है, जिनका लाभ समाज को लंबे समय तक मिले। यह पार्क और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ उसी सेवा-संस्कार की निरंतरता है।”
*जनभागीदारी से बनेगा हरित फरीदाबाद — नगर निगम आयुक्त*
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने कहा, “शहर को स्वच्छ और हरित बनाने में प्रशासन के साथ उद्योगों, आरडब्ल्यूए और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। पौधा लगाना पहला कदम है, उसका संरक्षण वास्तविक पर्यावरण सेवा है। बांगा जी का प्रयास सराहनीय कदम है। ऐसे जनभागीदारी के प्रयासों से फरीदाबाद को हरा-भरा और स्वच्छ बनाया जा सकता है।”
स्किल विश्वविद्यालय, पलवल के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” को युवाओं में पर्यावरण चेतना विकसित करने की प्रभावी पहल बताया।
जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अजय रंगा ने कहा कि माताजी की स्मृति में पौधारोपण और संरक्षण का संकल्प आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।
आरएसएस के क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख श्री कृष्ण सिंघल ने कहा, “प्रकृति के प्रति सम्मान भारतीय जीवन दृष्टि का अभिन्न हिस्सा है। माताजी की स्मृति में किया गया यह अभियान सेवा, संस्कार और पर्यावरण चेतना का सुंदर संगम है।”
*उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित*
विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन की ओर से आरडब्ल्यूए झाड़सेंतली के पूर्व प्रधान धर्म सिंह डागर को सेक्टर-58 में पार्कों को विकसित करने एवं उनके संरक्षण में विशेष योगदान के लिए, बबिता सिंह और पूर्णिमा रस्तोगी को फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे मंदिरों से फूलों के अपशिष्ट संग्रह में सहभागिता के लिए तथा विक्टोरा के एक कर्मचारी को ट्री एम्बुलेंस के माध्यम से पौधों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस मौके पर कम्युनिटी कॉलेज ऑफ स्किल डेवलपमेंट, जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के 70 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पौधे लगाए। इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. संजीव गोयल, सेक्टर 58 एसएचओ केवल सिंह, झाड़सेंतली सेक्टर-58 से धर्म सिंह डागर, चरण डागर, विक्टोरा फाउंडेशन के सीएसआर प्रमुख अजय सोमवंशी, निरंकारी ग्रुप के प्रबंध निदेशक जी.डी. खुराना, राहुल टेक्निक के प्रबंध निदेशक जयकिशन भट्ट, आरबीएम चेरी वायर के प्रबंध निदेशक राहुल बंसल सहित अन्य उद्योगपति, शिक्षाविद्, समाजसेवी तथा विक्टोरा इंडस्ट्रीज के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
*विभिन्न संस्थानों में भी माताजी को दी गई श्रद्धांजलि*
माताजी स्वर्गीय श्रीमती हरजिंदर कौर बांगा जी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर विभिन्न संस्थानों एवं स्थानों पर भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रणथंभौर, जयपुर स्थित जुना महल होटल में विक्टोरा की निदेशक मीनू बांगा, राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी की धर्मपत्नी डेज़ी साहनी, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की धर्मपत्नी सतविंदर सिरसा सहित होटल के कर्मचारियों ने “एक पेड़ अपने नाम” लगाकर माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं ग्रेटर नोएडा स्थित रेडिसन ब्लू होटल के कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर माताजी को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही विक्टोरा के गुजरात एवं पुणे स्थित संयंत्रों में भी कर्मचारियों द्वारा माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सेवा एवं संस्कारों को स्मरण किया गया।