28/07/2026
मेडिकल कॉलेज की जमीन निर्माण कंपनी को मुफ्त देने के आरोपों की जांच हो: सौली भईया
फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतेन्द्र जैन 'सौली' ने जिला चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज की भूमि जैन मंदिर सुहाग नगर फ्लाईओवर निर्माण कंपनी को उपलब्ध कराए जाने के मामले में गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी को बिना किसी राजस्व वसूली के मेडिकल कॉलेज की जमीन उपयोग के लिए दे दी गई, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सौली भईया ने कहा कि चर्चा है कि सुहाग नगर जैन मंदिर फ्लाईओवर निर्माण कंपनी को निर्माण सामग्री रखने, मजदूरों के ठहरने तथा अन्य कार्यों के लिए बीघों के हिसाब से मेडिकल कॉलेज की जमीन उपलब्ध कराई गई। उनका दावा है कि कंपनी ने वहां सबमर्सिबल पंप लगाने के साथ पक्का निर्माण भी कर लिया, जबकि इसके बदले मेडिकल कॉलेज द्वारा किसी प्रकार का राजस्व नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा कि लगभग 74 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे फ्लाईओवर की लागत आगे बढ़कर 80 से 90 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। ऐसे में यदि निर्माण कंपनी को करीब डेढ़ वर्ष तक सरकारी भूमि का उपयोग करने दिया गया है तो इसकी एवज में राजस्व वसूला जाना चाहिए था। ऐसा नहीं होने से मेडिकल कॉलेज को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान होने की आशंका है।
सौली भईया ने आरोप लगाया कि फिरोजाबाद में "पहले दीवार बनाई जा रही है और टेंडर बाद में हो रहा है।" उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से सवाल किया कि आखिर इस कथित मनमानी और भ्रष्टाचार के लिए कौन जिम्मेदार है तथा किसके संरक्षण में इस प्रकार की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. मुजाहिद खान, के.सी. गौतम, सिराज सलीम बेग, हाशिम अली तथा जीशान बेग सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।