02/06/2026
चंदवा में चोरों के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पीछा कर भगाया; छोड़ी गई बाइक को किया आग के हवाले
चंदवा (लातेहार)। क्षेत्र के आन और चेटर गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक महीने से बाइक, गाय-बैल और बकरियों की चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।
बताया जाता है कि बीती रात दो बाइक पर सवार चोर आन गांव पहुंचे और दो बकरों को चोरी कर भागने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण चोरों के पीछे दौड़ पड़े। ग्रामीणों का पीछा बढ़ता देख चोर एक बकरा और बिना नंबर प्लेट वाली अपाची बाइक छोड़कर दूसरी बाइक से फरार हो गए।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर छोड़ी गई बाइक को आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण लोगों को खुद गांव की सुरक्षा के लिए आगे आना पड़ रहा है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों की मांग है कि चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रहे।