12/05/2026
बलिया में आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस पर पथराव, सरकारी गाड़ी का शीशा टूटा...
बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में मंगलवार को आरोपी युवक को छुड़ाने की कोशिश में उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जबकि पुलिस की सरकारी गाड़ी का शीशा टूट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, नगपुरा पश्चिम टोला में सुबह करीब 10:20 बजे पीआरबी 9097 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि धर्मेंद्र नामक युवक के साथ मारपीट कर उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया है। वहीं मारपीट के आरोपी मिंटू को ग्रामीणों ने पकड़ रखा है।
सूचना मिलते ही नगपुरा चौकी प्रभारी संदीप कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक मिंटू को अपने वाहन में बैठा लिया। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवक मौके पर जुट गए और आरोपी को भीड़ के हवाले करने की मांग करने लगे।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख चितबड़ागांव थानाध्यक्ष, रसड़ा एसएचओ, फेफना एसओ सहित अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। पथराव में दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं, जबकि चितबड़ागांव थाने की सरकारी गाड़ी का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अब पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
#बलिया #चितबड़ागांव #पथराव