
26/07/2025
भूतनाथ मंदिर परिसर में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न
बोकारो के चास स्थित भूतनाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) का वार्षिक अधिवेशन धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो शामिल हुए।
अपने संबोधन में विधायक महतो ने कहा कि "झारखंड हमारी मातृभूमि है और इसके जल, जंगल, जमीन पर पहला अधिकार स्थानीयों और मूलवासियों का है।" उन्होंने स्थानीयता, नियोजन, रोजगार और विस्थापन जैसे ज्वलंत मुद्दों पर संगठन को एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि "झारखंड के युवाओं को रोजगार की तलाश में आज भी पलायन करना पड़ रहा है, जबकि नियोजन नीति मात्र औपचारिकता बनकर रह गई है।"
विधायक महतो ने कहा कि जेएलकेएम को जनसमस्याओं के समाधान और सिस्टम में सुधार के लिए निर्णायक भूमिका निभानी होगी। इसके लिए संगठन को गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित करना होगा।
कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
अधिवेशन के दौरान संगठन की समीक्षा, नई रणनीतियों की घोषणा, पदाधिकारियों की नियुक्ति, जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद और उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने जैसे सत्र आयोजित किए गए।
इस अवसर पर संगठन के वरीय पदाधिकारी, जिला प्रतिनिधि, सक्रिय कार्यकर्ता और अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य संगठन की नीतियों को जनसामान्य तक पहुंचाना और राज्यहित में ठोस कार्य करना है।