25/04/2026
जींद:
जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पारा 40 डिग्री के पार पहुंचने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. सुशील गर्ग ने लोगों को दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। नागरिक अस्पताल में रोजाना करीब 400 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जिनमें अधिकतर मरीज गर्मी से संबंधित बीमारियों से ग्रस्त हैं।
डॉ. सुशील गर्ग के अनुसार, लू से बचाव के लिए घरों में पंखा, कूलर या एसी का उपयोग करें और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। साथ ही इस मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ जाता है।
उन्होंने लोगों को अधिक से अधिक तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, लस्सी, दही और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी है। वहीं बासी भोजन, पहले से बना खाना और बाहर के खाने से बचने को कहा गया है।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि धूम्रपान, शराब और अन्य नशे का सेवन गर्मी में स्वास्थ्य समस्याओं को और बढ़ा सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की अपील की गई है।