22/07/2026
सवाल खड़ी करती ये तस्वीरें
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जंतर-मंतर पर अब भी जारी है. जब बीते महीने यह आंदोलन शुरू हुआ था, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि ये इतना बड़ा हो जाएगा.
ऑनलाइन एक 'व्यंग्य' के तौर पर शुरू हुआ एक सोशल मीडिया हैंडल धीरे-धीरे ऐसे मंच में बदल गया, जिससे लाखों लोग ऑनलाइन जुड़े और फिर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर भी उतर आए.
पारंपरिक राजनीतिक दलों से अलग, न कोई बड़ा संगठन, न चुनावी ढांचा और न ही पारंपरिक प्रचार. इसके बावजूद आज कॉकरोच जनता पार्टी का प्रभाव इतना बढ़ चुका है कि मुख्य विपक्षी दलों के नेता भी इसके मंच तक पहुंच रहे हैं.
लेकिन इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत 20 जुलाई को देखने को मिली, जब संसद मार्च के आह्वान पर हज़ारों युवा सड़कों पर उतरे. उनके साथ बुज़ुर्ग भी थे, कई जानी-मानी हस्तियां भी पहुंचीं और विपक्षी दलों के नेता भी इस मार्च में शामिल हुए.
मार्च से पहले आयोजकों की ओर से लगातार कहा गया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा. लेकिन जैसे ही भीड़ आगे बढ़ी, हालात बदलते नज़र आए. कहीं लोग भागते दिखे, कहीं लोग ज़मीन पर गिरे हुए थे, तो कहीं कोई फटा सिर पकड़े दिखाई दिया.
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों की कई टुकड़ियां तैनात थीं. लाठीचार्ज, वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया. घटना के बाद सामने आई कुछ तस्वीरों और वीडियो ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए. कई लोगों ने पूछा- क्या निहत्थे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई ज़रूरी थी?
हालांकि, दिल्ली पुलिस का पक्ष इससे अलग है.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान कई प्रदर्शनकारियों ने अव्यवस्थित, आक्रामक और हिंसक व्यवहार किया. पुलिस के मुताबिक, बार-बार चेतावनी देने और कानून के तहत जारी निर्देशों का पालन करने के लिए कहने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं हटे और लागू आदेशों का उल्लंघन किया.
पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, पुलिस और अन्य सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और बड़े पैमाने पर हिंसा की. पुलिस के अनुसार, इससे कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हुआ.
पुलिस का कहना है कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
लेकिन इंटरनेट पर तैर रहीं कुछ तस्वीरें कई तरह के सवाल खड़े कर रही हैं.