20/08/2026
उरुवा बाजार में धक्का देने के बाद बुजुर्ग की मौत, गैर-इरादतन हत्या के आरोप में महिला गिरफ्तार
उरुवा गोरखपुर। थाना उरुवा बाजार क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 18 अगस्त की है। बताया गया कि एक बुजुर्ग व्यक्ति ने जानवर को रोकने के लिए बांस का डंडा लगाया था। उनकी बहू राजमती ने डंडा हटा दिया। इसी बात को लेकर बुजुर्ग अपनी बहू को डांट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बहू ने उन्हें धक्का दे दिया। कुछ देर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतक काफी बुजुर्ग और बीमार थे। मामले में थाना उरुवा बाजार पर मु0अ0सं0 0213/2026 के तहत धारा 105 भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज किया गया था। बुधवार को पुलिस ने राजमती पत्नी श्रीराम, निवासी हुसैनपुर, थाना उरुवा बाजार, गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राम सुदर्शन, आरक्षी शिवसेन यादव, आरक्षी रुपेश पाण्डेय तथा महिला आरक्षी आसमा कुमारी शामिल रहीं। #थाना #गोरखपुर #उरुवा