08/06/2026
*शेष 4% विकसित आबादी भूखंड की मांग को लेकर पीड़ित किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर निकाला मौन जुलूस*
ग्रेटर नोएडा (08 जून 2026)| ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के 44 गांवों के पीड़ित किसानों ने अपनी वर्षों पुरानी मांगों को लेकर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण कार्यालय पर शांतिपूर्ण मौन जुलूस एवं प्रदर्शन किया। किसानों ने प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश सरकार से उच्च न्यायालय के आदेशों तथा प्राधिकरण के बोर्ड मीटिंग प्रस्तावों के अनुरूप किसानों को शेष 4% विकसित आबादी भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाने की मांग की।
किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा वर्ष 2011 में पारित आदेश तथा बाद में विभिन्न न्यायिक एवं प्रशासनिक निर्णयों के अनुसार किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर एवं 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड दिए जाने का प्रावधान किया गया था। प्राधिकरण द्वारा अधिकांश किसानों को केवल 6 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड आवंटित किए गए, जबकि शेष 4 प्रतिशत भूखंड का मामला लंबे समय से लंबित है।
किसानों ने यह भी बताया कि ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की 133वीं बोर्ड बैठक दिनांक 26 दिसंबर 2023 में पात्र किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड दिए जाने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसे शासन की स्वीकृति हेतु भेजा गया, किंतु आज तक अंतिम स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, शासन एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की है, कि किसानों के साथ किए गए वादों एवं बोर्ड मिटिंग प्रस्तावों को शीघ्र लागू करते हुए शेष 4 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड आवंटित किए जाएं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मौन जुलूस में बड़ी संख्या शेष 4% प्लॉट से वंचित किसानों ने भाग लिया। सभी ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।