22/09/2024
बूढ़ी कांग्रेस रोहतक और हरियाणा को 20 साल पीछे धकेलना चाह रही, भाजपा ऐसा नहीं होने देगी : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
रोहतक को 2014 से पहले वाले भयानक दौर में ले जाना चाहते हैं हुड्डाः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने रोहतक में भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर के समर्थन में नॉन-स्टॉप विकास, भाजपा पर विश्वास जन आशीर्वाद रैली की
कांग्रेस के अधिकतर उम्मीदवार 70 की उम्र के पार हैं, उनमें न विकास करने की शक्ति न गति : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़ । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को रोहतक में भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर के समर्थन में रैली की। नॉन-स्टॉप विकास, भाजपा पर विश्वास जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री ने रोहतक को अपनी कर्मस्थली बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर कम समय मिला है, लेकिन उस कम समय में भी हरियाणा के लिए मजबूत फैसले लिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की नीति स्पष्ट थी और विजन भी क्लियर था। हमें पता था कि किस गति पर चलना है, इसीलिए मात्र 56 दिनों में हरियाणा के विकास के लिए 126 मजबूत फैसले लिए। रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस को जमकर घेरा। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस बूढ़ी हो चुकी है, हुड्डा और उनके बूढ़े नेता हरियाणा और रोहतक को 2014 से पहले वाले भयानक दौर में ले जाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा को आगे नहीं बढ़ाना चाहती, बल्कि 20 साल पीछे घसीटना चाहती है। कांग्रेस पार्टी फिर से 2014 से पहले की स्थिति पैदा करना चाहती है जहां वे नौकरियों को बेचते थे और गरीब व्यक्तियों को नौकरी पाने के लिए अपनी जमीन-जेवरात बेचने पड़ जाते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच आज भी 2014 से पहले वाली ही है और उसमें कोई भी परिवर्तन नहीं आया है। कांग्रेस के उम्मीदवारों की अधिक आयु पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के बहुत सारे उम्मीदवार 70 वर्ष से अधिक की आयु के हैं, इसलिए कांग्रेस अब बूढ़ी हो चुकी है और गति से काम नहीं कर सकती। कांग्रेस के किलोई, गन्नौर, गोहाना और असंध के प्रत्याशी 70 वर्ष से ज्यादा की उम्र के हैं। कांग्रेस ने बूढ़े लोगों पर दांव खेला, लेकिन मैं हुड्डा साहब, कुलदीप शर्मा और कादियान को यकीन दिलाता हूं कि वे अपने स्वास्थ्य की चिंता न करें भाजपा की सरकार ने उनके लिए भी आयुष्मान कार्ड से अलग 5 लाख रुपये प्रति वर्ष की व्यवस्था कर दी है।