04/08/2026
एक्सक्लूसिव: ग्वालियर में अब स्वास्थ्य केंद्रों की समय-पालनता पर सख्ती, देरी करने वालों की खैर नहीं*
कलेक्टर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक व्यवस्थित करने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एस. सागर के सामने जिला स्तरीय निरीक्षण दलों की रिपोर्ट आई, जिसमें सामने आया कि कई अस्पताल तय समय से देर से खुल रहे हैं और डॉक्टरों समेत पैरामेडिकल स्टाफ भी अक्सर देरी से पहुंच रहा है।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डॉ. सागर ने जिले के आरबीएसके नोडल अधिकारियों, बीएमओ और सभी स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि शहरी हो या ग्रामीण क्षेत्र — हर स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित समय पर ही खुलना चाहिए और स्टाफ की उपस्थिति भी समय पर सुनिश्चित हो। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर कोई संस्था या कर्मचारी तय समय-सीमा का पालन नहीं करता पाया गया, तो सिर्फ संबंधित व्यक्ति ही नहीं बल्कि निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी भी कार्रवाई की जद में आएंगे।
इसके साथ ही डॉ. सागर ने वाहनों के इस्तेमाल में मितव्ययिता बरतने की भी हिदायत दी है। अब स्वास्थ्य अधिकारी अकेले-अकेले भ्रमण करने की बजाय शासकीय वाहनों का पूल बनाकर क्षेत्र दौरे पर निकलेंगे। सभी सरकारी वाहन जिला मुख्यालय पर ही खड़े रहेंगे और वहीं से भ्रमण के लिए रवाना होंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एस. सागर ने कहा, "हमारी प्राथमिकता यही है कि हर सरकारी अस्पताल समय पर खुले और डॉक्टर-स्टाफ भी वक्त पर मौजूद रहें, ताकि आमजन को इलाज के लिए भटकना न पड़े। इसके लिए हमने जिला स्तर पर 5 भ्रमण दल गठित किए हैं, जो क्षेत्र में जाकर स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करने के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर काम करने में सहयोग भी देंगे।"