10/08/2026
सुनील शर्मा के खिलाफ पुलिस को शिकायत करने वालीं ज्योति सिंह महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष
अमित शाह को काले झण्डे दिखा चुकी हैं
प्रदीप मांढरे
ग्वालियर हलचल
ग्वालियर , 10 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस संगठन ने ज्योति सिंह को महिला कांगे्रस की ग्वालियर शहर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
ज्योति सिंह जुझारु नेत्री हैं। कुछ महीनों पहले केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जब ग्वालियर में मेला ग्राउण्ड में एक बड़े सरकारी कार्यक्रम में आए थे , जब ज्योति सिंह ने कुछ महिलाओं के साथ उन्हें काले झण्डे दिखाए थे। पुलिस ने उन्हें घटना स्थल से हिरासत में लिया था। बाद में ज्योति सिंह ने ग्वालियर हलचल को इन्टरव्यू दिया कि पुलिस ने उनके साथ मारापीटी की थी।
ज्योति सिंह का विवादों से भी नाता रहा है। पिछले साल उन्होंने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से दो बार पार्टी प्रत्याशी रहे सुनील शर्मा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे और पुलिस को भी इस बावत् शिकायत की थी। बाद में विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपने आरोप वापस ले लिए थे।
महिला कांगे्रस जिलाध्यक्ष बनने के बाद ज्योति सिंह ने पिछले कुछ दिनों में ग्वालियर के कई बड़े पार्टी नेताओं से मुलाकात कर उनका सहयोग मांगा है , लेकिन उन्होंने सुनील शर्मा से भेंट नहीं की है। सुनील शर्मा ने भी उन्हें अपनी ओर से बधाई नहीं दी है ।
ग्वालियर कांग्रेस की राजनीति की बात करेंं , तो ज्योति सिंह वरिष्ठ कांग्रेस नेता योगेन्द्र तोमर समर्थक हैं। तोमर अजय सिंह राहुल समर्थक हैं और ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से २०२३ में पार्टी टिकट पाने के लिए प्रयास कर चुके हैं, अभी भी दावेदार हैं। इसी टिकट की वजह से योगेन्द्र तोमर व सुनील शर्मा में दूरियां हैं। राहुल गांधी की पदयात्रा के दौरान योगेन्द्र तोमर को पदयात्रा कार्यक्रम का ग्वालियर का संयोजक भी बनाया गया था।
ग्वालियर हलचल ने आज ज्योति सिंह से इन्टरव्यू के लिए उनके मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क किया , लेकिन उन्होंने फोन अटैण्ड नहीं किया । कुछ समय पूर्व भी एक अन्य विषय पर उन्होंने प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
आज दोपहर ग्वालियर हलचल के सम्पर्क करने पर ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता अनूप तिवारी ने प्रतिक्रिया दी कि ज्योति सिंह पिछड़े वर्ग से आती हैं , निष्ठावान व सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उनको महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाने से कांग्रेस जरूर मजबूत होगी।
www.gwaliorhulchal.com