25/08/2026
हरदोई में CDO के औचक निरीक्षण में स्कूल-आंगनबाड़ी में मिली खामियां
तीन कर्मचारियों का अगस्त माह का वेतन बाधित, तीन को आरोप पत्र जारी
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड टड़ियावां के नानकगंज ग्रंट स्थित डिजिटल लाइब्रेरी, प्राथमिक विद्यालय कन्जड़पुरवा और आंगनबाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में कई खामियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डिजिटल लाइब्रेरी का रख-रखाव प्रथम दृष्टया संतोषजनक मिला। सीडीओ ने पुस्तकों और सेल्फों की कोडिंग, पाठकों के कार्ड बनाने, लाइब्रेरी को वातानुकूलित करने तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय कन्जड़पुरवा में परिसर में घास-झाड़ियां, हैंडवॉश यूनिट में टोंटी का अभाव, शौचालय में प्रकाश व्यवस्था न होना और फर्नीचर की कमी मिली। पंजीकृत 155 बच्चों के सापेक्ष केवल 70 बच्चे उपस्थित मिले। कई बच्चे यूनिफॉर्म में नहीं थे। रसोईघर के बाहर एमडीएम मीनू प्रदर्शित नहीं था और अंदर साफ-सफाई का भी अभाव मिला।
सीडीओ ने प्रधानाध्यापक ममता तिवारी, ग्राम पंचायत सचिव विजय वर्मा और पर्यवेक्षकीय जिम्मेदारी के लिए खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा का अग्रिम आदेश तक अगस्त 2026 का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत 39 बच्चों के सापेक्ष केवल 11 बच्चे उपस्थित मिले। वजन मशीन उपलब्ध नहीं थी और लंबाई मापने का यंत्र खराब मिला। केंद्र का संचालन विद्यालय के बरामदे में किया जा रहा था, जबकि विद्यालय में एक कक्ष खाली उपलब्ध था।
इन कमियों पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री उर्मिला यादव, मुख्य सेविका उमा गुप्ता और प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी संजू वर्मा को आरोप पत्र जारी कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर और पोषण संबंधी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
#हरदोई #टड़ियावां #औचकनिरीक्षण #प्राथमिकविद्यालय #आंगनबाड़ी #शिक्षाविभाग #स्कूलनिरीक्षण #सरकारीस्कूल #कार्रवाई #वेतनबाधित #आरोपपत्र