09/08/2026
भारत-नेपाल सीमा पर 309 लीटर नेपाली शराब जब्त; 4 गिरफ्तार।
जयनगर। रौशन कुमार
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), जयनगर ने 08 और 09 अगस्त को लगातार अभियान चलाते हुए चार अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम दिया। इन कार्रवाइयों में कुल 309 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल और तीन साइकिल भी जब्त की गईं।SSB के अनुसार, सीमा क्षेत्र में तस्करी की सूचना और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर अलग-अलग कंपनियों की टीमों ने गश्त, नाका ड्यूटी और विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शराब की तस्करी के प्रयासों को विफल किया गया।
जानकीनगर में लावारिस बाइक से 27 लीटर शराब बरामद
08 अगस्त की रात करीब 19:40 बजे ‘G’ कंपनी, जानकीनगर के कंपनी मुख्यालय को सूचना मिली कि SSB के सरकारी वाहन को देखकर एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर बेला गांव की ओर फरार हो गया।सूचना के बाद विशेष गश्ती दल को मौके पर भेजा गया। टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 277/1 से करीब 3.5 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में बेला टोल, थाना बासोपट्टी के पास लावारिस मोटरसाइकिल की तलाशी ली।त्लाशी के दौरान मोटरसाइकिल के स्टोरेज और सीट के नीचे से सौरभ सोफी की 90 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 300 एमएल की थी और कुल 27 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। मौके से Hero Passion X-Pro मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। हालांकि, इस कार्रवाई में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
कमला क्षेत्र में दो तस्कर गिरफ्तार, 31.5 लीटर शराब बरामद
08 अगस्त की रात करीब 22:30 बजे ‘F’ कंपनी मुख्यालय कमला की नाका पार्टी सीमा स्तंभ संख्या 271/WP-1 से लगभग 400 मीटर भारतीय क्षेत्र में अकौन्हा गांव के समीप नाका ड्यूटी कर रही थी।
इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को जवानों ने रोक लिया। दोनों के पास मौजूद कैरी बैग की तलाशी लेने पर नेपाली सोफी की 105 बोतलें बरामद हुईं।
प्रत्येक बोतल 300 एमएल की थी और कुल 31.5 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। दोनों व्यक्तियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
अखराघाट में नदी के रास्ते तस्करी का प्रयास विफल, 216 लीटर शराब जब्त
09 अगस्त की सुबह करीब 06:34 बजे ‘D’ कंपनी के BOP अखराघाट की गश्ती टीम सीमा स्तंभ संख्या 291/14 से करीब 30 मीटर भारतीय क्षेत्र में नदी के पास नियमित गश्त कर रही थी।
इसी दौरान जवानों ने कुछ लोगों को नदी पार कर साइकिलों पर बोरे लादते हुए देखा। SSB जवानों को देखते ही कुछ लोग नदी में छलांग लगाकर नेपाल की ओर भागने लगे।
गश्ती दल ने तत्परता से पीछा करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
मौके से 720 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 300 एमएल की थी, जिससे कुल 216 लीटर शराब बरामद हुई। शराब के साथ तीन साइकिलें भी जब्त की गईं।
मधवापुर में बाइक की स्टील टंकी से 34.5 लीटर शराब बरामद
09 अगस्त को करीब 09:45 बजे ‘A’ कंपनी मधवापुर के विशेष गश्ती दल द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 296/1 से लगभग 150 मीटर भारतीय क्षेत्र में विशेष गश्त की जा रही थी।
इसी दौरान नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल से भारत आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को जवानों ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की स्टील टंकी में छिपाकर रखी गई नेपाली सोफी की 115 बोतलें बरामद हुईं।
प्रत्येक बोतल 300 एमएल की थी और कुल 34.5 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। मौके से Hero Splender+ मोटरसाइकिल जब्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
SSB के अनुसार, सभी मामलों में आवश्यक जब्ती और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार अभियुक्तों तथा जब्त सामग्री को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सौंप दिया गया।
मामलों में जब्त सामग्री और गिरफ्तार अभियुक्तों को बासोपट्टी, देवधा, साहरघाट और मधवापुर थाना के सुपुर्द किया गया है।