12/08/2026
हरदोई। प्रदेश सरकार जहां सरकारी विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं हरदोई के विकासखंड टड़ियावां की ग्राम पंचायत कोटरा में स्थित प्राथमिक विद्यालय से सामने आया एक वीडियो व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
वायरल वीडियो में विद्यालय के बच्चों को कथित तौर पर सूखा और जला हुआ चावल परोसे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय में मिड-डे मील की निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप भोजन नहीं बनाया जा रहा है।
वहीं विद्यालय की रसोइयों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त और उचित सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में इसी तरह भोजन तैयार करना पड़ता है। ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि जब भी कोई इस व्यवस्था का विरोध करता है तो उसे डराकर विद्यालय से बाहर कर दिया जाता है।
इस पूरे मामले में विद्यालय के एक सहायक अध्यापक के भी व्यवस्थाओं के खिलाफ होने की बात सामने आ रही है। हालांकि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
अब सवाल यह है कि बच्चों के भोजन से जुड़े इस गंभीर मामले पर शिक्षा विभाग और जिम्मेदार अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं? क्या विद्यालय की व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच होगी और यदि अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी?
फिलहाल वायरल वीडियो के बाद यह मामला चर्चा में है और अब सभी की निगाहें जिम्मेदार अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं। MYogiAdityanath