Street Voice Tv

Street Voice Tv Street Voice Tv

06/09/2026

ओरिया में दुर्गा पूजा महासमिति का गठन, भव्य आयोजन का निर्णय

06/09/2026

बड़कागांव प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

हजारीबाग: सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम ओरिया में आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में...
06/09/2026

हजारीबाग: सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम ओरिया में आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से सार्वजनिक दुर्गा पूजा महासमिति, ओरिया 2026 का गठन किया गया। इस दौरान इस वर्ष दुर्गा पूजा को भव्य एवं आकर्षक रूप से मनाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में पंकज कुमार को महासमिति का अध्यक्ष, राजेश कुमार दास को कार्यवाहक अध्यक्ष, बासुदेव साव, राजेंद्र शर्मा, रितेश कुमार सिन्हा, दीपक कुमार एवं सुधीर यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं कौलेश्वर साव को महासचिव तथा रंजीत यादव, हरेन्द्र कुमार गुप्ता, संतोष कुमार पासवान, निरंजन यादव एवं आशीष कुमार को उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई।

प्रमोद कुमार पासवान को कोषाध्यक्ष, जितेंद्र कुमार को उप कोषाध्यक्ष तथा विजय यादव को मीडिया प्रभारी बनाया गया।

पूजा व्यवस्था के लिए संतोष कुमार पासवान, अभय शंकर पासवान, घनश्याम कुमार, शीतल पवन रजक, मानकी साव सहित अन्य सदस्यों को पूजा प्रभारी बनाया गया। बालेश्वर साव, गोविन्द यादव, विनोद कुमार सिन्हा, केदार मंडल, टिन्कु कुमार, संजय रविदास, अमृत राम (साहेब दा), सुरेश साव, गंगा राम, संतोष कुमार साव, रामनाथ राणा, राजदीप कुमार, नारायण यादव, दिलीप कुमार, द्वारिका साव, उदय शंकर पासवान, संजय पासवान एवं गणपति राम को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई।

वहीं मोहन साव को मनोरंजन मंत्री, गणपति राम को सहमीडिया प्रभारी, गोवर्धन ठाकुर को स्टोर कीपर तथा अशोक कुमार यादव उर्फ जीतु यादव, दिलीप पासवान, बालेश्वर साव, गिरजा राम पासवान एवं शम्भू गोप को संरक्षक बनाया गया। रंजीत यादव एवं शैलेश पासवान को पूजारी की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, बेहतर पूजा व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ इस वर्ष की दुर्गा पूजा को भव्य, आकर्षक एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया।

हजारीबाग:  झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्र...
06/09/2026

हजारीबाग: झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री तथा गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे झारखंड सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार तड़के हृदयाघात के कारण उनका निधन हो गया। उनके निधन को झारखंड की राजनीति, सामाजिक जीवन तथा झामुमो संगठन के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा हजारीबाग जिला इकाई ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। झामुमो के हजारीबाग जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झामुमो के समर्पित सिपाही, कुशल संगठनकर्ता एवं जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध जननेता थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में झारखंडी अस्मिता, राज्य के अधिकारों तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनका असमय निधन न केवल झामुमो बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू ने संगठन को मजबूत करने, युवाओं को राजनीति से जोड़ने तथा राज्य के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। झामुमो परिवार उनके संघर्ष, सादगी, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना को हमेशा याद रखेगा।

जिला प्रवक्ता ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी पुण्यात्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस दुखद घटना के मद्देनजर झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा आगामी 7 सितंबर को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में जिले सहित राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। पार्टी ने कहा है कि वर्तमान समय शोक और श्रद्धांजलि का है तथा संगठन के सभी कार्यकर्ता दिवंगत मंत्री के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।

कुणाल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का आंदोलन जारी रहेगा, किंतु पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन के कारण 7 सितंबर को प्रस्तावित धरना कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित किया गया है। कार्यक्रम की नई तिथि एवं आगे की रणनीति संबंधी जानकारी संगठन द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी।

झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका संघर्षमय जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

हजारीबाग। सड़क दुर्घटना में चोटिल होकर करीब एक पखवाड़े से बेड रेस्ट पर चल रहे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायस...
06/09/2026

हजारीबाग। सड़क दुर्घटना में चोटिल होकर करीब एक पखवाड़े से बेड रेस्ट पर चल रहे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी का जन्मदिन रविवार को आत्मीयता और शुभकामनाओं के बीच मनाया गया। चोट के कारण घर से बाहर निकलने में असमर्थ रंजन चौधरी को जन्मदिन की बधाई देने के लिए दिनभर उनके शुभचिंतकों, मित्रों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों के उनके आवास पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। वहीं सोशल मीडिया पर भी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने वालों की बाढ़ रही।

पूर्व सांसद भुनेश्वर प्रसाद मेहता, झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता सहित कई गणमान्य लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर जन्मदिन की बधाई दी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सांसद मनीष जायसवाल, बरही विधायक मनोज कुमार यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने फोन कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

हजारीबाग प्रेस क्लब के साथी विकास सिंह, दीपक सिंह, सागर पाण्डेय, रवि सिंह और अनुज सिन्हा सहित हजारीबाग यूथ विंग के सदस्यों ने भी सामूहिक रूप से उनके आवास पहुंचकर केक कटवाया। इस दौरान सभी ने उनके शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से लौटने की कामना की।

साथियों ने कहा कि रंजन चौधरी का सेवा के प्रति समर्पण ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। चोट की स्थिति में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए उनका सक्रिय रहना समाज के लिए प्रेरणादायी है।

बेड रेस्ट के बावजूद जारी है जनसेवा

रंजन चौधरी अपने जन्मदिन को महज व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय हर वर्ष समाज के लिए प्रेरक और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से यादगार बनाते रहे हैं। हालांकि इस बार सड़क दुर्घटना में चोटिल होने के कारण वे बेड रेस्ट पर हैं, लेकिन उनका सेवा भाव थमा नहीं है।

वे बेड से ही जरूरतमंद मरीजों के सहयोग में जुटे हुए हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त कमियों के खिलाफ लगातार मुखर होकर आवाज उठा रहे हैं। करीबी लोगों के अनुसार, चोट और आराम की चिकित्सकीय सलाह के बावजूद रंजन चौधरी का ध्यान अपनी तकलीफ से अधिक उन लोगों की समस्याओं पर है, जिन्हें मदद की जरूरत है।

यही वजह रही कि जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने पहुंचे लोगों ने उनके स्वस्थ होने के साथ-साथ उनके उसी सेवाभावी जज्बे के जल्द लौटने की कामना की।

लोगों का प्यार और आशीर्वाद सबसे बड़ी ताकत : रंजन चौधरी

जन्मदिन के मौके पर मिले अपार स्नेह और शुभकामनाओं से अभिभूत रंजन चौधरी ने सभी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वे पहले की तरह जनसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों में जुट जाएंगे।

जंगल में चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार!9mm पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और गिरोह के...
06/09/2026

जंगल में चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार!

9mm पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और गिरोह के पर्चे बरामद

हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बड़कागांव थाना प्रभारी के नेतृत्व में ग्राम कोयलंग स्थित बाकपंजा टोला के पास चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान बाकपंजा टोला जंगल से प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 9mm पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, प्रिंस खान गिरोह का KSS लिखा हुआ दो पर्चा और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जप्ती सूची तैयार कर विधिवत जब्त कर लिया। मामले में बड़कागांव थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 06/09/2026 के तहत धारा 111(3)/111(4)/61(2) बीएनएस एवं 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा, पिता स्व. निरंजन महतो, निवासी तलसवार, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग को आज दिनांक 06 सितंबर 2026 को उचित पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हजारीबाग। भारतीय जनता पार्टी के हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल को भाजपा झारखंड प्रदेश के ‘आजीवन सहयोग निध...
05/09/2026

हजारीबाग। भारतीय जनता पार्टी के हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल को भाजपा झारखंड प्रदेश के ‘आजीवन सहयोग निधि प्रकोष्ठ’ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने इस संबंध में पत्र जारी कर नियुक्ति की आधिकारिक जानकारी दी।

सांसद मनीष जायसवाल को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित राष्ट्रव्यापी संगठन है, जहां समर्पण, निष्ठा, सक्रियता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को हमेशा सम्मान दिया जाता है।

ज्ञात हो कि इससे पहले भी मनीष जायसवाल बाबूलाल मरांडी की टीम में प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। ऐसे में संगठनात्मक और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े उनके अनुभव को इस नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि मनीष जायसवाल का संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली और पार्टी के प्रति समर्पण उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए उपयुक्त बनाता है। उनके नेतृत्व में आजीवन सहयोग निधि अभियान को पूरे झारखंड में और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।

समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि मनीष जायसवाल अपनी संगठनात्मक क्षमता और कुशल नेतृत्व के माध्यम से इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश में संगठन को आर्थिक एवं सांगठनिक रूप से और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद मनीष जायसवाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

हजारीबाग। एचजेडबी आरोग्यम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार...
05/09/2026

हजारीबाग। एचजेडबी आरोग्यम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षकों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

समारोह के दौरान केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा की गईं। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के लिए विशेष सरप्राइज तैयार किए और उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विद्यार्थियों की इस पहल से शिक्षक भावुक हो उठे। इस दौरान विद्यार्थियों ने भाषण एवं कविताओं के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन केवल शैक्षणिक जीवन में ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य को बेहतर दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में संस्थान की निर्देशिका प्रीति जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि उनके भविष्य को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक का वास्तविक सम्मान तभी है, जब विद्यार्थी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करें और समाज के प्रति जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनें। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और परिश्रम के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही किसी शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।

कार्यक्रम में गुरु-शिष्य के बीच सम्मान, स्नेह और विश्वास का भाव देखने को मिला। अंत में संस्थान परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

हजारीबाग, 05 सितंबर। उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ. शशि जायसवाल के ...
05/09/2026

हजारीबाग, 05 सितंबर। उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हजारीबाग शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं ठेला संचालकों के यहां औचक निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-01 मंजर हुसैन के नेतृत्व में टीम ने हुरहुरू क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद स्कूल के समीप संचालित गुपचुप-चाट के ठेले की जांच की। जांच के दौरान खाद्य सामग्री में औद्योगिक रंग के उपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही संचालक को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इसके बाद टीम ने जे.सी. फोनेक्स, श्याम मार्ट, विकास चाउमिन एवं बोरा सिंह समोसा दुकान सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। बोरा सिंह समोसा दुकान में जांच के दौरान अवमानक रसगुल्ले पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

भ्रामक दावों वाले खाद्य उत्पादों की भी हुई जांच

संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर टीम ने खाद्य उत्पादों पर किए जा रहे भ्रामक दावों एवं जानकारी की भी जांच की। खाद्य कारोबारियों को ऐसे उत्पादों की बिक्री और भंडारण तत्काल रोकने तथा संबंधित कंपनी या निर्माता को उत्पाद वापस लेने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा भ्रामक दावों के कारण 100 से अधिक खाद्य उत्पादों की बिक्री एवं भंडारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाए जाने की जानकारी भी कारोबारियों को दी गई। इनमें रेड बुल, स्टिंग, मॉन्स्टर, कैंपा एनर्जी ड्रिंक, किंडर जॉय चॉकलेट, लाटे चोको पाई, पतंजलि मिल्क बिस्कुट, रेमन नूडल्स, सफोला टोटल हार्ट प्रो मल्टी-सोर्स कुकिंग ऑयल और बिसलेरी एडेड मिनरल वाटर सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित अथवा भ्रामक दावों वाले उत्पाद पाए जाने पर संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान के संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने, प्रतिबंधित एवं अवमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री या भंडारण नहीं करने तथा उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देने की अपील की।

निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-02 अम्ब्रीश पांडे, विकास शर्मा एवं सूरज कुमार शामिल थे।

हजारीबाग।उपायुक्त हेमन्त सती ने शनिवार को कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्या...
05/09/2026

हजारीबाग।
उपायुक्त हेमन्त सती ने शनिवार को कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से एसआईआर, प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी जी राम जी, वाटर कंजर्वेशन, मटेरियल, अबुआ आवास सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित पुराने एवं जर्जर भवनों को ध्वस्त करने तथा पुराने थाना परिसर की साफ-सफाई कर उसे प्रखंड कार्यालय परिसर में शामिल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य में भी तेजी लाने को कहा।

उपायुक्त ने सुपरवाइजर, पंचायत सेवक एवं अन्य कर्मचारियों के लिए निर्मित आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सरकारी आवासीय भवनों में नियमित रूप से रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालय परिसर में उगी झाड़ियों की सफाई कराने और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने को कहा।

छह अनाथ बच्चों के मामले में शीघ्र कार्रवाई का निर्देश

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने रुदवा पंचायत में छह अनाथ बच्चों से संबंधित मामले की जानकारी दी। इनमें दो बच्चों का आवासीय विद्यालय में नामांकन कराया जाना है, जबकि चार बच्चों के लिए फोस्टर केयर के तहत परिवार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। ग्राम सभा के माध्यम से एडॉप्ट करने वाले परिवारों का चयन किया गया है। अब बाल कल्याण समिति के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जानी है।

उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर मामले का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

आमजनों से लिया समस्याओं का फीडबैक

उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय पहुंचे आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अंचलाधिकारी सहित सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रतिदिन कार्यस्थल की लाइव लोकेशन भेजने का निर्देश दिया।

जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्रों के समयबद्ध निर्गमन को लेकर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया। बीडीओ को सुपरवाइजर रैंक के अधिकारियों के कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा करने को कहा।

पशुपालन कार्यालय में अनुपस्थित पदाधिकारी को लगाई फटकार

उपायुक्त ने प्रखंड पशुपालन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने दूरभाष के माध्यम से नाराजगी जताई और नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। संबंधित कर्मी को दवाइयों के रखरखाव को व्यवस्थित रखने तथा कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने को कहा।

इसके अलावा उन्होंने पंचायत भवन का निरीक्षण कर वहां संचालित सेवाओं एवं कार्यों की जानकारी ली।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं की समीक्षा

उपायुक्त ने कटकमसांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, एक्स-रे, जनरल वार्ड, एमसीडी क्लिनिक, ड्रेसिंग एवं माइनर ओटी, जांच केंद्र, दवा वितरण केंद्र और कोल्ड चेन कक्ष में वैक्सीन की उपलब्धता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि जिन दवाइयों की एक्सपायरी अवधि एक माह के भीतर होने वाली हो, उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों में भेजने से बचा जाए। साथ ही दवाओं की उपलब्धता और एक्सपायरी की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने इलाज के लिए पहुंचे लोगों से बातचीत कर स्वास्थ्य केंद्र में मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। डीएमएफटी एवं बीपीएचयू के माध्यम से कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के लंबित मानदेय भुगतान को लेकर संबंधित पदाधिकारी को भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जुलाई एवं अगस्त माह के व्यय विवरण की जांच की तथा योग शिक्षकों से संबंधित जानकारी ली। बीडीओ को प्रत्येक सप्ताह आयुष्मान/आरोग्य, सुदृढ़ीकरण एवं रखरखाव मद में होने वाले व्यय की समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही ओपीडी, ओटी समेत स्वास्थ्य केंद्र की सभी शाखाओं और व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा करने को कहा।

निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा कार्यालयों में बेहतर कार्य संस्कृति बनाए रखने का निर्देश दिया।

Address

Hazaribag
825301

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Street Voice Tv posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Street Voice Tv:

Shortcuts

Share