14/09/2026
छुपी आँखें न्यूज
*नशे के रूप में दुरुपयोग होने वाली दवाओं पर हिसार पुलिस की बड़ी कार्रवाई*
*11 जिलों के ड्रग कंट्रोल अधिकारियों के साथ संयुक्त छापेमारी, 22 मेडिकल स्टोरों की जांच*
*7 मेडिकल स्टोरों पर ड्यूल यूज दवाओं का बिना उचित रिकॉर्ड स्टॉक मिला, 3 दुकानों पर पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित—14 दवाओं के सैंपल लिए गए*
हिसार 14 सितम्बर । पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार नशे के रूप में दुरुपयोग होने वाली दवाओं की अवैध बिक्री एवं इनके दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए हिसार पुलिस द्वारा फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन, हरियाणा के साथ संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक हिसार के दिशा-निर्देशानुसार तथा स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर कंट्रोल विभाग एवं हिसार पुलिस की विभिन्न संयुक्त टीमों द्वारा कार्रवाई की गई। इस दौरान अलग-अलग जिलों भिवानी, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, नारनौल एवं करनाल से आए 11 ड्रग कंट्रोल अधिकारियों की टीमों ने पुलिस के साथ मिलकर बरवाला, उकलाना, आदमपुर, अग्रोहा एवं शहर हिसार क्षेत्र के 22 मेडिकल स्टोरों की गहन जांच की।
जांच के दौरान मेडिकल स्टोरों पर उपलब्ध दवाओं, उनके बिक्री-खरीद रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 7 फर्मों पर ड्यूल यूज दवाओं का उचित रिकॉर्ड के बिना स्टॉक रखा हुआ पाया गया, जबकि 3 मेडिकल स्टोरों पर पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले। इसके अतिरिक्त जांच के दौरान 14 दवाओं के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें नियमानुसार जांच के लिए भेजा जाएगा।
जांच के दौरान बिक्री एवं खरीद रिकॉर्ड सहित अन्य नियमों से संबंधित अनियमितताएं भी सामने आई हैं। इन उल्लंघनों के संबंध में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत लाइसेंसिंग अथॉरिटी, हिसार जोन, हिसार द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
*नशे के लिए दवाओं का दुरुपयोग रोकना पुलिस की प्राथमिकता*
एसपी हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि कुछ ड्यूल यूज दवाओं का नशे के रूप में दुरुपयोग किए जाने की शिकायतों को पुलिस गंभीरता से ले रही है। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और इनके दुरुपयोग को रोकने के लिए पुलिस एवं ड्रग कंट्रोल विभाग के बीच बेहतर समन्वय के साथ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर मेडिकल स्टोरों की अचानक जांच एवं संयुक्त छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन कर दवाओं की बिक्री करने अथवा नशीली दवाओं के दुरुपयोग को बढ़ावा देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिसार पुलिस का स्पष्ट संदेश है—नशे के खिलाफ कार्रवाई केवल नशा तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के लिए दवाओं के दुरुपयोग की हर कड़ी पर पुलिस और संबंधित विभाग की पैनी नजर रहेगी।