19/08/2026
हरियाणा कौशल रोजगार निगम के खिलाफ पंचकूला में गरजे कांग्रेस कार्यकर्ता
विधायक नरेश सेलवाल के नेतृत्व में उकलाना हल्के से सैकड़ों कार्यकर्ता पंचकूला पहुंचे
अग्रोहा, 19 अगस्त: हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने और प्रदेश में पक्की सरकारी भर्तियां शुरू करने की मांग को लेकर आज पंचकूला स्थित कार्यालय के बाहर कांग्रेस ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में उकलाना हलके से विधायक नरेश सेलवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा संयोजक विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई और विधायक अशोक अरोड़ा रहे। उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जब तक एचकेआरएन कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जाता और युवाओं के लिए पक्की सरकारी नौकरियों की भर्ती शुरू नहीं की जाती, तब तक कांग्रेस युवाओं के हक की लड़ाई जारी रखेगी व संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से युवाओं और छात्रों को न्याय दिलाने की दिशा में जो आवाज उठाई गई है, उसी कड़ी में हरियाणा कांग्रेस प्रदेश के युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि एचकेआरएन के माध्यम से युवाओं के साथ अन्याय और शोषण किया जा रहा है।
सेलवाल ने मांग की कि एचकेआरएन के तहत कार्यरत सभी कर्मचारियों को सरकारी नौकरी में नियमित किया जाए तथा उन्हें समान वेतनमान, डीए, पदोन्नति, आरक्षण और सेवानिवृत्ति संबंधी लाभ दिए जाएं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सभी नियुक्तियां पक्की भर्ती प्रक्रिया के तहत की जानी चाहिए।
विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार का काम स्थायी सरकारी भर्तियां करना है, लेकिन भाजपा सरकार कथित तौर पर राजपत्रित पदों को भी एचकेआरएन के माध्यम से भरकर ठेका प्रथा को बढ़ावा दे रही है। इससे प्रदेश के दलित, पिछड़े और गरीब वर्गों को मिलने वाले आरक्षण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान युवाओं के लिए सरकारी पदों की संख्या बढ़ाकर 4 लाख की गई थी, जबकि भाजपा सरकार ने इसे घटाकर करीब 2.5 लाख कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है और युवाओं को स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की जरूरत है।
विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि जब तक सरकार सरकारी पदों की संख्या बढ़ाकर 4 लाख नहीं करती और एचकेआरएन के माध्यम से कार्यरत कौशल कर्मियों को नियमित नहीं करती, तब तक कांग्रेस युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष तथा कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।