13/08/2026
पुलिस कर्मचारियों व उनके परिवारों के लिए आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में करीब 110 लोगों ने उठाया लाभ*
हिसार, 13 अगस्त। पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार आज पुलिस लाइन अस्पताल, बरवाला रोड, हिसार में सपरा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, हिसार की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारों सहित करीब 110 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, डायबिटीज (शुगर), ईसीजी एवं रक्त जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई तथा चिकित्सकों द्वारा आवश्यकतानुसार परामर्श एवं दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि पुलिस कर्मचारी दिन-रात ड्यूटी कर कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में उनका स्वस्थ एवं फिट रहना बेहद जरूरी है। पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
उन्होंने स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए सपरा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।