30/12/2025
#ब्रेकिंग
#इंदौर: दर्जनों के बीमारी और 5 मौतों का कारण आखिरकार सामने आया, पुलिस चौकी के टॉयलेट ने 'जहरीला' किया भागीरथपुरा वार्ड का पानी! गहरी खुदाई पर मिला फाल्ट!
स्वच्छता के लिए जाना जाने वाले इंदौर में गंदे पानी ने कहर ढा दिया है. नर्मदा नदी से लाए जाने वाले शुद्ध जल की सप्लाई में दूषण के चलते भागीरथपुरा वार्ड के सैकड़ों निवासी बीमार पड़ गए तो छह लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है. वहीं, उल्टी-दस्त जैसी गंभीर बीमारियों ने पूरे वार्ड को जकड़ लिया है. इधर, नगर निगम की तत्परता भरी जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. भागीरथपुरा पुलिस चौकी के टॉयलेट के ठीक नीचे नर्मदा की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज मिला, जिससे गंदा पानी सीधे जल स्रोत में घुस रहा था.
सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया, जब टीम ने चौकी के टॉयलेट क्षेत्र पर फोकस किया. अधिकारियों को टॉयलेट के पास से गंदा पानी रिसता दिखा. बिना देर किए, टॉयलेट की फर्श तोड़ी गई और खुदाई शुरू हो गई. गहराई में जो नजारा सामने आया, वह हैरान करने वाला था. टॉयलेट का गंदा पानी सीवरेज लाइन से जुड़ा ही नहीं था, पूरा अपशिष्ट सीधे जमीन में समा रहा था. ठीक उसी जगह, नर्मदा की मुख्य पाइपलाइन में एक बड़ा लीकेज पाया गया. अनुमान है कि इसी दरार से संक्रमित पानी पाइप में घुस गया और पूरे वार्ड में फैल गया.
दूषित पानी पीने से मौतों का सिलसिला जारी है और अब तक कुल 6 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. परिजनों ने सीमा प्रजापत, उर्मिला यादव, गोमती यादव और नंदलाल पाल की मौत की पुष्टि की है. वहीं ACP रूबीना मिर्जवानी ने उमा गोरी और मंजुला वाडे की मौत की पुष्टि की. दोनों महिलाओं का अस्पताल में इलाज चल रहा था, जिनमें से एक का आज पोस्टमार्टम हुआ, जबकि दूसरी का पोस्टमार्टम कल होगा.