15/06/2026
इंदौर में गुटकेश्वर मंदिर से सदर बाजार रोड तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सोमवार सुबह नगर निगम की रिमूवल टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान अब तक 80 से अधिक मकान और दुकानों को हटाया जा चुका है। नगर निगम अधिकारी अंकेश बिरथरिया के अनुसार, कार्रवाई में 9 पोकलेन मशीनें, 5 जेसीबी और 100 से अधिक निगमकर्मी तैनात हैं। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण शहर के यातायात को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था, प्लॉट या फ्लैट के मुआवजे के उनके कई पीढ़ियों पुराने मकानों को तोड़ा जा रहा है। प्रभावित लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से बुजुर्गों, विधवाओं और निराश्रित परिवारों पर सबसे अधिक असर पड़ा है, जिनके पास रहने के लिए कोई दूसरा ठिकाना नहीं है।