30/08/2026
कभी-कभी वर्दी के पीछे छिपी इंसानियत की एक छोटी सी झलक दिल छू जाती है। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में ऐसा ही एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया, जहां एसपी श्रद्धा पांडेय और एक दिव्यांग महिला एक-दूसरे को गले लगाते नजर आईं।
बरौर थाना क्षेत्र के सिथरा बुजुर्ग गांव की रहने वाली नीतू द्विवेदी करीब दो महीने से अपने घर की पानी की सप्लाई बंद होने की परेशानी झेल रही थीं। बैसाखियों के सहारे उन्हें मदद के लिए कई दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़े। जब कहीं से राहत नहीं मिली, तो उन्होंने अपनी समस्या कानपुर देहात की एसपी श्रद्धा पांडेय के सामने रखी।
मामला जल विभाग से जुड़ा था और पुलिस प्रशासन का नहीं था, फिर भी एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने स्थानीय पुलिस को नीतू के घर भेजा और संबंधित अधिकारियों से बात कर उनकी पानी की समस्या का समाधान कराया।
समस्या दूर होने के बाद नीतू अपनी बेटी के साथ करीब 25 किलोमीटर दूर से एसपी कार्यालय पहुंचीं। इस बार उनके हाथ में कोई शिकायत नहीं, बल्कि शुक्रिया के तौर पर एक पेन था। एसपी से मिलते ही नीतू भावुक हो गईं और श्रद्धा पांडेय ने भी आगे बढ़कर उन्हें गले लगा लिया।
एक तरफ फरियादी और दूसरी तरफ पुलिस अधिकारी का यह रिश्ता सिर्फ शिकायत और समाधान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भरोसे और इंसानियत की मिसाल बन गया। नीतू का दिया छोटा सा पेन उस संवेदनशीलता के लिए बड़ी भावनाओं का प्रतीक बन गया, जिसने एक आम नागरिक की जिंदगी की परेशानी दूर की।