10/09/2026
खेतों से बिजली की तार चोरी करने वाला आरोपी काबू, 13 किलो 600 ग्राम तांबे की तार व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
करनाल, दिनांक 10 सितंबर 2026।
जिला पुलिस करनाल द्वारा खेतों में लगी बिजली की मोटरों से तार चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना असंध पुलिस ने खेतों से बिजली की तार चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 13 किलो 600 ग्राम चोरीशुदा तांबे की तार तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत सिंह उर्फ चेतन सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी गांव खेड़ी सर्फली, असंध, जिला करनाल के रूप में हुई है।
मामले में कार्रवाई थाना असंध प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी अजीत सिंह को खेड़ी मंडवाल से काबू कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा 13 किलो 600 ग्राम तांबे की तार तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
मामले के अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि थाना असंध में खेतों से बिजली की तार चोरी होने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता के खेत से बिजली की तार तथा आसपास के किसानों के खेतों से भी बिजली की मोटरों की तार, ग्रिप एवं अन्य सामान चोरी किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना असंध पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश एवं वारदातों के खुलासे के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
पुलिस टीम द्वारा विश्वसनीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत सिंह को काबू किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर गहन पूछताछ के लिए चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई, जिसके आधार पर 13 किलो 600 ग्राम चोरीशुदा तांबे की तार तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुल आठ वारदातों का खुलासा किया है। इनमें गांव बिनौला में खेतों से बिजली की तार चोरी की सात वारदातें तथा गांव रहड़ा में बिजली की तार चोरी की एक वारदात शामिल है। पुलिस द्वारा आरोपी से अन्य वारदातों तथा चोरीशुदा सामान के संबंध में भी पूछताछ की गई है और मामले में आगामी जांच जारी है।
आरोपी की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने पर उसे आज पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।