10/09/2026
भजन संध्या से भक्तिमय हुआ रामलीला ग्राउंड, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई हाजिरी
इंद्री, 10 सितंबर(शर्मा)
ठाकुर जी की छठी के पावन अवसर पर बुधवार को स्थानीय रामलीला ग्राउंड भक्ति रस में सराबोर हो गया। कृष्ण कृपा खाटू श्याम सेवा समिति, इंद्री एवं अखिल भारतीय पंजाबी खत्री स्वयंसेवक संघ, टीम इंद्री के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भजन संध्या में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ गीता मंदिर के पुजारी आचार्य रामलाल शास्त्री व समाजसेवी तरुण मेहता ने ज्योति प्रज्वलित कर किया। मंच संंचालन अशोक मलिक ने किया। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक करण रसिक ने अपनी मधुर वाणी से समां बांध दिया। उनके भजनों पर श्रोता मंत्रमुग्ध होकर झूमते नजर आए और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान सुंदर झांकियों के माध्यम से ठाकुर जी की बाल लीलाओं का सजीव मंचन किया गया, जिसे उपस्थित बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने खूब सराहा। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी का अलौकिक दरबार सजाया गया, जहां श्रद्धालुओं ने नतमस्तक होकर दर्शन किए और मनोकामनाएं मांगी। आठ बजे प्रारंभ हुआ कार्यक्रम देर रात तक चला। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसे स्वयंसेवकों ने सुव्यवस्थित ढंग से वितरित किया। इस अवसर पर नगरपालिका चेयरमैन राकेश कुमार, सोशल जस्टिस एवं एम्पावरमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया के चैयरमैन रिंकू सैनी, पवन सिंगला, मनोनीत पार्षद सेठपाल वर्मा, जिला कष्ट निवारण समिति सदस्य विजय कश्यप, सतीश भाटिया, विक्की मल्होत्रा, विकास चोपड़ा, सुरेश कक्कड़, चंद्र चोपड़ा, लविश वोहरा, अमित लांबा, पार्षद काका वोहरा, पम्मा ग्रोवर, वीना रानी, जितेंद्र सैनी, माया राम सैनी, बलबीर कांबोज, सोनिया महंत, सुरेश नारंग, नीरज शर्मा, जतिन वधवा सहित शहर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।