03/06/2022
जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई, ग्रामीणों की सुनी परिवेदनाएं, किया समाधान
जिला कलक्टर ग्राम पंचायत स्तरीय चांधन एवं सोढ़ाकोर में आयोजित हुई जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की सुनी परिवेदनाएं
चांधन में खराब नलकूप को सही कर चालू किया, सूजियों की ढ़ाणी में सुचारू जलापूर्ति के दिए निर्देश
जैसलमेर, 03 जून/राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में जनसुनवाई कार्यक्रम की त्रिस्तरीय व्यवस्था की कड़ी में गुरुवार को अवकाश होने के कारण जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का कार्यक्रम आयोजित हुआ एवं इस दौरान ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनी गई। जिला कलक्टर डॉ. प्रतिभा सिंह ने ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत चांधन एवं सोढ़कोर में ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनी एवं सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को समस्या प्रेषित कर उसका निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई में क्षेत्र की पेयजल, विद्युत आपूर्ति के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ग्रामीणों से ली एवं उनसे फीडबैक भी लिया।
सूजियों की ढ़ाणी को मिलेगा अब पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी
ग्राम पंचायत चांधन में आयोजित हुई जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर के समक्ष सूजियों की ढ़ाणी के लोगों ने पानी की समस्या से अवगत कराया। जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली तो बताया कि चांधन में दो नलकूप से पेयजल आपूर्ति बूस्टर के माध्यम से की जा रही है। एक नलकूप खराब है, इस सम्बन्ध में निर्देश दिए कि आज ही नलकूप सही कर चालू करें एवं सूजियों की ढ़ाणी के वाशिंदों को समय पर पीने का पानी उपलब्ध करावे। इस प्रकार सूजियों की ढ़ाणी के वाशिंदों के लिए जनसुनवाई लाभदायी रही।
जनसुनवाई के दौरान उपखण्ड अधिकारी दौलतराम चौधरी, अधीक्षण अभियंता जलदाय दिनेश नागौरी, विद्युत जे.आर. चौधरी, पीडब्ल्यूडी हरिसिंह राठौड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुणाल साहु, पूर्व प्रधान लख सिंह भाटी, सरपंच चांधन श्रीमती जयकंवर, समाजसेवी राजेन्द्र सिंह के साथ ही अच्छी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कमेटी गठन कर पटट्ो के सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही करें
सरपंच एवं ग्रामीणों ने जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर को प्रार्थना पत्र दिया कि ग्राम पंचायत चांधन में वहां स्थायी रूप से निवास लोगों को आवासीय पटट्े जारी नहीं है एवं जो भी पटट्े जारी हुए है उसका रिकॉर्ड भी नहीं है। ग्रामीणों ने आवासीय पटट्े जारी करने की मांग की तो इस सम्बन्ध में जिला कलक्टर ने सरपंच स्तर पर कमेटी का गठन कर पटट्े की कार्यवाही करने की सलाह दी। इसके साथ ही सरपंच ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में एम्बूलेंस उपलब्ध कराने के साथ ही ओरण भूमि को आवंटन कराने, सूजियों की ढ़ाणी में कब्रिस्तान के लिए भूमि आवंटन कराने, जावंधनई में बंद नलकूप को चालू कराने के सम्बन्ध में अवगत कराया।
जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि ग्राम पंचायत द्वारा एम्बूलेंस में ड्राईवर, पीओएल एवं अन्य खर्चा वहन करने पर उनकों एम्बुलेंस की सुविधा मुहैया करवाएगे। पूर्व उप प्रधान लख सिंह भाटी ने चांधन में 132 के.वी. जीएसएस पर अधिक विद्युत भार होने से बिजली आपूर्ति कम हो रही है, उसके सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया एवं यहां 220 के.वी. के जीएसएस की स्वीकृति दिलाने की बात की। इस सम्बन्ध में जिला कलक्टर ने उच्च स्तर से वर्ता कर आवश्यक कार्यवाही कराने की बात कही।
कलरों की बस्ती के लिए सड़क निर्माण के सम्बन्ध में हो कार्यवाही
जनसुनवाई के दौरान श्रीमती फूलीदेवी ने मकान के रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया। इस सम्बन्ध में जिला कलक्टर ने फूलीदेवी की समस्या को धैर्य से सुना एवं ग्राम विकास अधिकारी से जानकारी ली तो ज्ञात हुआ कि उसके मकान के दोनों तरफ जाने का रास्ता है। इसके साथ ही कलरों की बस्ती के ग्रामीणों ने चांधन से कलरों की बस्ती तक सड़क निर्माण कराने की बात की। इस सम्बन्ध में अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि यहां एसटी के आबादी ज्यादा है, आबादी को देखते हुए माडा योजना के तहत प्रस्ताव जिला परिषद के माध्यम से भिजवाए गए है।
खेल मैदान को कराएंगे विकसित
समाजसेवी राजेन्द्र सिंह ने स्कूल के पास खेल मैदान को विकसित करने के लिए बजट उपलब्ध कराने के सम्बन्ध में अवगत कराया। इस सम्बन्ध में भी जिला कलक्टर ने जिला परिषद के साथ ही विधायक मद से खेल मैदान के लिए विकास कार्य कराने की सलाह दी। ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई मे लगभग 40 परिवेदनाएं प्राप्त हुई।
सोढ़ाकोर में सप्ताह में 1-2 दिवस पटवारी व ग्राम विकास अधिकारी रहेगे उपस्थित
जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत सोढ़कोर में आयोजित हुई जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। यहां पर ग्रामीणों ने पटवारी व ग्राम विकास अधिकारी मुख्यालय पर उपस्थित नहीं रहने के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया। इस सम्बन्ध में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की मांग को देखते हुए उपखण्ड अधिकारी को निर्देश दिए कि वे सोढ़ाकोर में धायसर के पटवारी को सप्ताह मंे प्रत्येक मंगलवार को यहां उपस्थित रहने के लिए पाबंद करावें, वहीं ग्राम विकास अधिकारी चांधन को प्रति सप्ताह गुरुवार व शुक्रवार को सोढ़कोर में उपस्थित रहने के लिए निर्देश दिए।
अवैध कनेक्शन हटाने के दिए निर्देश
जनसुनवाई में ईश्वर सिंह, हुकम सिंह सोढ़ाकोर द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कनेक्शन लेकर खेती करने के सम्बन्ध में लोगों ने शिकायत की। जिला कलक्टर ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि वे इसकी जांच कर अवैध कनेक्शन होने की स्थिति में 7 दिवस में हटाने के निर्देश दिए।
मोनिटरिंग अधिकारियों ने किया जनसुनवाई का निरीक्षण
ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर द्वारा लगाए गए पर्यवेक्षण एवं मोनिटरिंग अधिकारियों ने भी उनकों आवंटित ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर निरीक्षण किया।
---000---