22/08/2026
छात्र आंदोलन के बाद JMM का भाजपा पर पलटवार, कहा- छात्रों की मांगें जायज थीं
झारखंड में करीब 26 दिनों तक चले छात्र आंदोलन के बाद अब सियासत तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया। JMM ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज थीं और पार्टी ने पूरे आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया था।
पार्टी ने कहा कि झारखंड बनने के बाद से ही JSSC और JPSC की परीक्षाओं और नियुक्तियों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। JMM ने पुराने JPSC मामलों की जांच का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि पहले हुई जांच और CBI जांच का अब तक क्या नतीजा सामने आया है।
JMM ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार छात्रों के मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। छात्रों को न्याय दिलाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी। पार्टी के मुताबिक, मौजूदा मामलों की CID जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
हाईकोर्ट के आदेश पर JMM की सफाई
हाईकोर्ट के आदेश को लेकर भाजपा के आरोपों पर JMM ने सफाई दी। पार्टी ने कहा कि यह कहना गलत है कि सरकार की ओर से कोई वरिष्ठ वकील अदालत में पेश नहीं हुआ था।
JMM के अनुसार, सरकार की ओर से Mr. Achyut Keshav, Sr. AAG, Mr. J.F. Toppo, G.A.V. और Mr. Sanjoy Piprawall, Adv. अदालत में मौजूद थे। पार्टी ने कहा कि हाईकोर्ट ने फिलहाल संबंधित अभ्यर्थियों की नौकरी बरकरार रखी है।
अभ्यर्थियों से undertaking या affidavit देने को कहा गया है। JMM के मुताबिक, जांच में यदि कोई अभ्यर्थी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।
पुतला दहन विवाद पर भी JMM का जवाब
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन को लेकर हुए विवाद पर भी JMM ने अपना पक्ष रखा। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह ऐसी राजनीति में विश्वास नहीं करती।
JMM ने कहा कि कार्यकर्ताओं या समर्थकों को पुतला दहन करने वालों से हाथापाई करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया था। पार्टी ने दावा किया कि पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल लोग असली छात्र, युवा या प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थी नहीं थे, बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता थे।
JMM का कहना है कि जो छात्र वास्तव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और अपने भविष्य को लेकर आंदोलन कर रहे थे, उनकी मांगों पर सरकार ने गंभीरता से कार्रवाई की है।
भाजपा पर आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप
JMM ने भाजपा पर छात्र आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि आंदोलन खत्म होने के बाद भी कुछ लोगों के जरिए इस मुद्दे को दोबारा उठाने की कोशिश की जा रही है।
JMM ने आरोप लगाया कि इसके जरिए सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास हो रहा है। पार्टी ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों का समाधान राजनीतिक टकराव से नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई से होगा।