26/05/2026
डीएम नवीन के सख्त निर्देश का असर, एक दिन में 1537 किसानों का हुआ रजिस्ट्रेशन; लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी
जिले में किसानों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने और सरकारी कृषि योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान में अब तेजी देखने को मिल रही है। जिला प्रशासन की सक्रियता और जिला पदाधिकारी नवीन के कड़े रुख का असर मंगलवार को साफ तौर पर नजर आया, जब जिले में एक ही दिन में 1,537 किसानों का पंजीकरण किया गया। यह आंकड़ा बीते 25 मई को हुए मात्र 241 पंजीकरण की तुलना में काफी बेहतर माना जा रहा है। इस प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कार्य संस्कृति को लगातार बनाए रखने का सख्त निर्देश दिया है।
अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों ने मंगलवार को प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों का सघन दौरा किया। उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल एवं अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा स्वयं मैदान में उतरकर अभियान की निगरानी करते नजर आए। अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर चल रहे कैंपों का निरीक्षण कर कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
हालांकि बेहतर प्रदर्शन के बीच जिला प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर भी सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जिले में अब भी 930 ऐसे लॉगिन हैं, जहां ‘जीरो एक्टिविटी’ दर्ज की गई है। इस पर डीएम नवीन ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि किसानों के हित से जुड़े इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने वाले कर्मियों के खिलाफ जल्द अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी अधिकारियों और कर्मियों से संपर्क कर जल्द पंजीकरण कराएं, ताकि कृषि योजनाओं, अनुदानों और अन्य सरकारी लाभों का सीधा फायदा उनके बैंक खातों तक पहुंच सके।