02/09/2026
बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे विधायक राहुल कुमार
पानी में उतरकर लिया जायजा
दरधा-मोरहर नदी व सरपइन पइन की सफाई कराने की मांग
डीएम से समन्वय बनाकर स्थायी समाधान निकालने को कहा
जहानाबाद। बाढ़ और जलजमाव की स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक राहुल कुमार ने बुधवार को जहानाबाद एवं रतनी प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर पहुंचकर जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया। विधायक कई स्थानों पर बाढ़ के पानी में घुसकर लोगों का हाल जाना।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने जलनिकासी की समस्या, खेतों में जमा पानी और आवागमन में हो रही परेशानी से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल राहत एवं जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की बात कही।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के भ्रमण के बाद विधायक राहुल कुमार ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की वस्तुस्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़ और जलजमाव से उत्पन्न समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर डीएम के साथ विस्तार से बातचीत की।
विधायक ने दरधा और मोरहर नदियों के साथ-साथ सरपइन पइन की सफाई कराने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलनिकासी के रास्तों में गाद और अतिक्रमण के कारण पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है। ऐसे में समय रहते सफाई एवं आवश्यक कार्य कराया जाना जरूरी है।
राहुल कुमार ने जिलाधिकारी से कहा कि जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और नगर परिषद के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जलजमाव और बाढ़ की समस्या का समाधान निकाला जाए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी के साथ-साथ भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर कम से कम नुकसान हो, इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की।
विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ जलनिकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया।